नई दिल्ली: राहुल गांधी के लंदन में भारत के लोकतंत्र पर दिए गए बयान पर बीजेपी लगातार हमलावर है। राहुल गांधी पर विदेशी धरती पर देश की छवि खराब करने का आरोप लगे हैं। इसी कड़ी में अब केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी के लंदन में भारत के लोकतंत्र में दिए गए बयान पर तंज कसा है।
राहुल गांधी ने जो लंदन में कहा है मैं उसे बिल्कुल भी स्वीकार नहीं कर सकती हूं – स्मृति ईरानी

स्मृति ईरानी ने कहा कि हमारे देश में तो हर मां बच्चे को ये सिखाती है कि झगड़ा घर में करो, बाहर जाकर नहीं। राहुल गांधी ने क्या किया है। एक भारतीय के तौर पर मैं उसे बिल्कुल भी स्वीकार नहीं कर सकती हूं। जब भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है, तब बाहर जाकर इस प्रकार के बयान दिए जाते हैं लेकिन जो सांसद सदन से ही नदारद रहते हों, उनको लेकर हम क्या ही स्पीच दे सकते हैं, क्या बोल सकते हैं।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री भी राहुल गांधी पर कस चुके हैं तंज

बता दें, इससे पहले सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा था कि राहुल गांधी की भारत को बदनाम करने की आदत सी बन गई है उनकी ये नफरत राहुल गांधी की प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ तो हो सकती है, लेकिन देश को बदनाम करने की ये साजिश बार-बार जो विदेशी धरती से होती है, कभी विदेशी दोस्तों के माध्यम से होती है, यह अपने आप में प्रश्नचिह्न खड़ा करती है कि कांग्रेस का एजेंडा क्या है?
पीएम मोदी भी कर चुके हैं राहुल गांधी के बयान की अलोचना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के लोकतंत्र पर राहुल गांधी के विवादित बयान पर तंज कसते हुए कहा था कि भारत न केवल सबसे बड़ा लोकतंत्र है, बल्कि लोकतंत्र की जननी है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लंदन में भारत के लोकतंत्र पर सवाल उठाए गए। कुछ लोग लगातार भारत के लोकतंत्र पर सवाल उठा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि भारत केवल सबसे बड़ा लोकतंत्र ही नहीं बल्कि लोकतंत्र की जननी है। ये मेरा सौभाग्य रहा कि कुछ साल पहले मुझे लंदन में भगवान बसवेश्वर की प्रतिमा के लोकर्पण का अवसर मिला, लेकिन ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि लंदन में ही भारत के लोकतंत्र पर सवाल उठाने का काम किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा था कि भारत के लोकतंत्र की जड़ें, हमारे सदियों के इतिहास से सींची गई हैं। दुनिया की कोई ताकत भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं को नुकसान नहीं पहुंचा सकती।
यह है राहुल गांधी का लंदन में भारत के लोकतंत्र पर दिया गया विवादित बयान

राहुल गांधी ने कहा था कि मीडिया, संस्थागत ढांचे, न्यायपालिका, संसद सभी पर हमले हो रहे हैं और हमें सामान्य माध्यम से लोगों के मुद्दे रखने में बहुत मुश्किल हो रही थी। उन्होंने कहा, बीबीसी को इस बारे में अभी पता चला है, लेकिन भारत में यह सिलसिला पिछले नौ साल से लगातार चल रहा है। सभी जानते हैं कि पत्रकारों को डराया-धमकाया जाता है, उन पर हमले किए जाते हैं और धमकाया जाता है। सरकार की पैरवी करने वाले पत्रकारों को पुरस्कृत किया जाता है। तो, यह एक पैटर्न का हिस्सा है और मैं कुछ अलग होने की उम्मीद नहीं करूंगा। अगर बीबीसी सरकार के खिलाफ लिखना बंद कर दे, तो सब कुछ सामान्य हो जाएगा। सारे मामले गायब हो जाएंगे। राहुल गांधी ने आगे कहा था कि अमेरिका और यूरोप सहित दुनिया के लोकतांत्रिक हिस्से यह संज्ञान लेने में विफल रहे हैं कि ‘लोकतंत्र का एक बड़ा हिस्सा नष्ट कर दिया गया है’। भाजपा चाहती है कि भारत खामोश रहे, वे चाहते हैं कि यह शांत हो क्योंकि वे चाहते हैं कि जो भारत का है, उसे ले सकें और अपने करीबी दोस्तों को दे सकें। यही विचार है, लोगों का ध्यान भटकाना और फिर भारत की संपत्ति को तीन, चार, पांच लोगों को सौंप देना।
Edit By Deshhit News