वहीं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा चीन को लेकर दिए गए बयान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक झूठे दावों पर राजनीति नहीं की जा सकती है।
नई दिल्ली: 16 दिसंबर को राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन पूरे कर लिए थे। गौरतलब है कि भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन पूरा होने पर राहुल गांधी ने प्रेस वार्ता की थी। इस प्रेस वार्ता में राहुल गांधी ने कहा था कि चीन हमारे खिलाफ युद्ध की तैयारी कर रहा है, केंद्र सरकार सच को स्वीकार करने के बजाए इसे छिपा रही है। उन्होंने आगे कहा था कि चीन अरुणाचल प्रदेश में भारतीय जवानों को पीट रहा है।
राहुल गांधी हमारी सेना का मनोबल तोड़ने का काम क्यों कर रहे हैं- गौरव भाटिया

राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि एक भारतीय होने के नाते और भाजपा को भारत की सेना पर गर्व है, जो जवान सीमा पर चीन की सेना को पीट रहे हैं, उनको अपनी ताकत दिखा रहे हैं। उस समय पर भारत के ‘जयचंद’ राहुल गांधी हमारी सेना का मनोबल तोड़ने का काम क्यों कर रहे हैं। गौरव भाटिया ने आगे कहा कि ये 1962 वाला भारत नहीं है। भारत की एक इंच भूमि ना किसी के कब्जे में है और न किसी में ये हिम्मत है कि वो कब्जा कर ले। विश्व की सबसे वीर सेना हमारे पास है, कूटनीतिक तौर पर हम सक्षम हैं। ये संभव ही नहीं है कि कोई हमारी एक इंच भी भूमि कब्जा ले।
देशवासियों की छाती जब 56 इंच की होती है, तो कांग्रेस और राहुल गांधी की छाती 6 इंच की हो जाती है – भाटिया
भाजपा नेता ने आगे कहा कि जब-जब सेना अपना पराक्रम दिखाती है तो देशवासियों की छाती 56 इंच की हो जाती है, लेकिन दर्द होता है तो दुश्मन देश को होता है और राहुल गांधी व कांग्रेस पार्टी को होता है। क्या कारण है कि जब-जब सेना के कारण देशवासियों की छाती 56 इंच की होती है, तो कांग्रेस और राहुल गांधी की छाती 6 इंच की हो जाती है।
जब-जब देश एकजुट हुआ तब तब कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी ने इस एकजुटता की पीठ में खंजर घोपने का काम किया – भाटिया
उन्होंने आगे कहा कि ऐसा लगता है कि राहुल गांधी ने दुश्मन देशों से समझौता किया हुआ कि जब-जब भारतीय सेना अपना पराक्रम दिखाएगी। राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी सेना का मनोबल तोड़ने का कार्य करेगी। इनका चीन से समझौता है और मुझे ऐसा कोई बयान नहीं दिखा जब कांग्रेस पार्टी, सोनिया गांधी या राहुल गांधी ने चीन की निंदा की हो। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में जब-जब देश एकजुट हुआ तब तब कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी ने इस एकजुटता की पीठ में खंजर घोपने का काम किया। इन्होंने तो पुलवामा हमले को भी ‘होम ग्रोएन टेररिज्म’ बताया था।
राहुल गांधी ये झूठ फैलाना और देश के मनोबल को तोड़ने का काम बंद करिय-रविशंकर प्रसाद

इससे पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने भी ट्वीट कर राहुल पर निशाना साधते हुए कहा था कि राहुल गांधी जी, कब तक आप झूठ बोल बोल कर सेना पर सवाल उठाते रहेंगे? अब तो हमारी सेना की बहादुरी मीडिया में उपलब्ध साक्ष्यों से भी जग जाहिर हो चुकी है, लेकिन फिर भी आप सेना पर सवाल उठा रहे हैं। आपने उरी और बालाकोट के बाद भी सेना की बहादुरी का प्रमाण मांगा था। अब तो ये झूठ फैलाना और देश के मनोबल को तोड़ने का काम बंद करिये। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत बहुत मजबूत है और अपनी सीमाओं की रक्षा करने में सक्षम है।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि….

वहीं, महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने भी राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि एक ही दिन बिलावल भुट्टो और राहुल गांधी पीएम पर सवाल उठाते हैं, यह कौन सा रिश्ता है? बिलावल भुट्टो एक फेल देश (पाकिस्तान) के विदेश मंत्री है, लेकिन उसी समय अगर हमारी प्रमुख विपक्षी पार्टी के नेता राहुल गांधी करेंगे तो उनके लिए राष्ट्र बड़ा है या राजनीति?
वह न केवल कांग्रेस पार्टी के लिए एक समस्या हैं, बल्कि वह देश के लिए एक बड़ी शर्मिंदगी बन गए हैं – रिजिजू

बता दें, केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने तवांग में यांग्त्से क्षेत्र का दौरा किया, जहां चीनी और भारतीय सैनिकों के बीच झड़प हुई थी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अरुणाचल के तवांग में यांग्त्से क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित है। अरुणाचल प्रदेश के तवांग में नौ दिसंबर को चीनी सैनिक और भारतीय सेना के बीच हुई झड़प में पीएलए को मुंह की खानी पड़ी थी। भारतीय सेना ने चीनी सैनिकों को डटकर जवाब दिया था। रिजिजू ने आगे कहा, ‘राहुल गांधी न केवल भारतीय सेना का अपमान कर रहे हैं, बल्कि देश की छवि को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। वह न केवल कांग्रेस पार्टी के लिए एक समस्या हैं, बल्कि वह देश के लिए एक बड़ी शर्मिंदगी बन गए हैं।’ इसके साथ ही, उन्होंने ट्वीट किया, ‘भारतीय सेना के बहादुर जवानों की पर्याप्त तैनाती के कारण अरुणाचल प्रदेश के तवांग में यांग्त्से क्षेत्र अब पूरी तरह से सुरक्षित है।’
लंबे समय तक झूठे दावों पर राजनीति नहीं की जा सकती है – रक्षामंत्री राजनाथ सिंह

वहीं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा चीन को लेकर दिए गए बयान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक झूठे दावों पर राजनीति नहीं की जा सकती है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणी गलत है। हमने विपक्ष के नेताओं की मंशा पर कभी सवाल नहीं उठाया, हमने केवल नीतियों के आधार पर बहस की है। सच बोलने से राजनीति होती है। “राजनीति’ शब्द राज और नीति से लिया गया है। उसका मतलब है करना। राजनीति का उद्देश्य समाज के कल्याण के लिए एक राजनीतिक व्यवस्था बनाना है। इसका उद्देश्य इरादों पर संदेह पैदा करना नहीं है, चाहे वह गलवान हो या तवांग, हमारे रक्षा बलों ने चमत्कारी काम किया है।
Edit By Deshhit News