नई दिल्ली: 26 नवंबर, 2022 को नशे में धुत एक पुरुष यात्री ने न्यूयॉर्क से दिल्ली जाने वाली एक फ्लाइट में एक महिला सह-यात्री पर पेशाब कर दिया था। फ्लाइट में बुजुर्ग महिला पर पेशाब करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी की तैयारी दिल्ली पुलिस ने कर ली है। आरोपी का नाम शेखर मिश्रा है, जो मुंबई का रहने वाला है। उसकी उम्र लगभग 45 साल है। उसके खिलाफ IPC की धारा 354, 294, 509, 510 के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस ने टीमें गठित की हैं। वहीं, एअर इंडिया ने भी उस पर एक्शन लिया है। उस पर 30 दिनों तक प्रतिबंध लगा दिया गया है।

घटना पर एयरलाइन ने नहीं लिया था, कोई एक्शन

इस घटना पर एयरलाइन ने कोई एक्शन नहीं लिया था। बुजुर्ग महिला ने टाटा ग्रुप के चेयरमैन से शिकायत की। तब जाकर एयरलाइन के अफसर एक्टिव हुए और दिल्ली पुलिस में FIR कराई। मिली जानकारी के मुताबिक, घटना तब सामने आई जब पीड़ित महिला ने टाटा समूह के अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन को चिट्ठी लिखी।
फ्लाइट के क्रू मेंबर्स ने मुझे पेशाब वाली सीट पर ही बैठने के लिए कहा – पीड़ित महिला

महिला ने चिट्ठी में लिखा कि वह गंदी सीट पर नहीं बैठना चाहती थी। इसलिए उसे दूसरी सीट दी गई। एक घंटे के बाद उसे अपनी सीट पर वापस जाने को कहा गया। उसकी सीट चादरों से ढंकी हुई थी, लेकिन वहां पेशाब की बदबू आ रही थी। महिला का आरोप है कि बिजनेस क्लास की कई सीटें खाली होने के बावजूद पहले उसे दूसरी केबिन सीट नहीं दी गई थी। क्रू ने वहां कीटाणुनाशक छिड़का, लेकिन महिला ने वही सीट लेने का विरोध किया, तब जाकर उसे दूसरी सीट दी गई। बुजुर्ग महिला ने शिकायत में फ्लाइट के क्रू मेंबर्स पर भी कार्रवाई की मांग की।
एयर इंडियो ने आरोपित शख्स को 30 दिन के लिए किया, प्रतिबंधित
एयर इंडिया ने सफाई देते हुए कहा कि बुजुर्ग महिला पर पेशाब करने वाले पैसेंजर को 30 दिनों के लिए प्रतिबंधित कर दिया है और आगे की कार्रवाई के लिए एयरलाइन ने DGCA को मामले की सूचना दे दी है। इसके अलावा एयर इंडिया ने चालक दल की चूक की और स्थिति को तुरंत काबू में करने में नाकामयाब रहने के कारण की जांच करने के लिए भी एक आंतरिक समिति का गठन किया है।

एअर इंडिया ने DGCA को बताया कि पीड़ित महिला को उनका किराया रिफंड कर दिया गया है। एयरलाइंस ने DGCA के कानून प्रवर्तन को इसलिए नहीं बुलाया था, क्योंकि पीड़ित महिला ने कार्रवाई के लिए शुरुआती अनुरोध को वापस ले लिया था। एअर इंडिया इस मामले को सुलझाने का प्रयास कर रही है। बुजुर्ग महिला से हुई अभद्रता के मामले का संज्ञान राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी लिया है। आयोग की चेयरपर्सन रेखा शर्मा ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर संबंधित कानून के प्रावधानों के तहत मामले में तत्काल केस दर्ज करने और एक बुजुर्ग महिला को मानसिक आघात पहुंचाने के दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
Edit By Deshhit News