राहुल गांधी पर सीएम योगी का तंज, बोले- ‘दिवाली के फुस्स रॉकेट जैसे’, कहा- बार-बार लॉन्च करने पर भी नहीं हो रहे सफल

04 Nov, 2026
Head office
Share on :

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। गोरखपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा से पहले जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने राहुल गांधी की तुलना दिवाली के फुस्स रॉकेट से की। योगी ने कहा कि कांग्रेस बार-बार उन्हें लॉन्च करने की कोशिश कर रही है, लेकिन हर बार नाकाम हो रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी का धुआं निकल चुका है।

राहुल गांधी की तुलना फेल होने वाले छात्र से की

सीएम योगी ने कांग्रेस और राहुल गांधी की तुलना गांव के ऐसे लड़के से की, जो परीक्षा में बार-बार फेल होने पर हर बार नया बहाना बनाता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहली बार छात्र ने कॉपी गायब होने, दूसरी बार पेपर सिलेबस से बाहर आने और तीसरी बार पेन की स्याही खत्म होने का बहाना बनाया। चौथी बार उसने कहा कि बगल में बैठा छात्र तेजी से लिख रहा था, इसलिए वह घबरा गया। योगी ने कहा कि कांग्रेस की हालत भी ऐसी ही हो गई है। उनके मुताबिक, पार्टी चुनावों में हार के बाद कभी EVM तो कभी दूसरी वजहों को जिम्मेदार ठहराती है।

जीत का श्रेय खुद को, हार का दोष दूसरों पर

मुख्यमंत्री ने कहा कि जीत मिलने पर कांग्रेस अपनी होशियारी और मेहनत का श्रेय लेती है, लेकिन हारने पर EVM, संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र पर सवाल उठाती है। उन्होंने दावा किया कि जनता कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को बार-बार खारिज कर रही है। योगी ने तमिलनाडु में चुनावी हार का जिक्र करते हुए भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हार के बाद पार्टी गठबंधन से भी दूरी बना लेती है।

राहुल गांधी को कितनी बार लॉन्च करेगी कांग्रेस?

सीएम योगी ने राहुल गांधी के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने उन्हें कई बार अलग-अलग पदों के जरिए आगे बढ़ाया। उन्होंने 2004 में सांसद, 2007 में महासचिव, 2013 में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 2017 में कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने 2019 के अमेठी लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी की हार और बाद में निकाली गई भारत जोड़ो यात्रा, न्याय यात्रा और अधिकार यात्रा पर भी तंज कसा। योगी ने कहा कि कांग्रेस बार-बार उन्हें लॉन्च करने की कोशिश कर रही है, लेकिन हर बार उसका प्रयास फुस्स हो जाता है।

राहुल गांधी की उम्र पर भी कसा तंज

मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी की उम्र को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि 56 वर्ष के होने के बावजूद राहुल गांधी को युवा नेता के तौर पर पेश किया जा रहा है। योगी ने कहा कि भरोसा जीतने के लिए काम करना पड़ता है, बहाने बनाने से काम नहीं चलता। पूरे संबोधन में सीएम योगी ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन की चुनावी रणनीति, नेतृत्व और हार के बाद दिए जाने वाले बयानों को लेकर निशाना साधा।