उत्तर प्रदेश में त्योहारों के मद्देनजर पुलिस प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव, दीपावली, छठ और देव दीपावली को देखते हुए शासन से लेकर थानों तक के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने साफ कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए। लोगों की सुरक्षा और आपसी सौहार्द सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि त्योहारों के उत्साह को बिगाड़ने या उपद्रव फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सोशल मीडिया की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। अफवाह फैलाने, भ्रामक जानकारी साझा करने और धार्मिक या सामाजिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर तत्काल कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया है। अयोध्या में 7 नवंबर को होने वाले दीपोत्सव को लेकर भी तैयारियों की समीक्षा की गई। सीएम ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के साथ उनकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं
बाजारों और धार्मिक स्थलों पर बढ़ेगी सुरक्षा
धनतेरस और दीपावली को देखते हुए प्रदेश के प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में 24 घंटे पुलिस निगरानी रखने को कहा गया है। बाजारों में पैदल गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। अधिकारियों को खुद फील्ड में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और पीआरवी-112 की सक्रियता बनाए रखने के लिए कहा गया है।
पटाखों की दुकानों और अग्निशमन व्यवस्था पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने पटाखों की बिक्री को लेकर भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। पटाखों की दुकानें और अस्थायी गोदाम घनी आबादी से दूर खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही लगाए जाएंगे। अग्निशमन विभाग को जरूरी उपकरणों और फायर टेंडरों के साथ 24 घंटे अलर्ट रहने के लिए कहा गया है।
बिजली-पानी और किसानों की सुविधाओं पर भी जोर
त्योहारों के दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति और साफ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यूरिया और डीएपी खाद की उपलब्धता पर नजर रखने को कहा गया है। सीएम योगी ने खाद की जमाखोरी, कालाबाजारी और निर्धारित कीमत से अधिक पर बिक्री करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। धान खरीद केंद्रों पर भी पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने और किसानों को किसी तरह की परेशानी न होने देने को कहा गया है। इस तरह उत्तर प्रदेश में त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन से लेकर बिजली, पानी, अग्निशमन और कृषि विभाग तक को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।