पीएम मोदी के महाकाल नगरी के दौरे से पहले उज्जैन को लाइटिंग और फूलों से पूरी तरह से सजाया गया है. शहर के प्रमुख चौराहों से लेकर पुल और सड़कों के किनारे शानदार और आकर्षक लाइटिंग की गई है जो लोगों को खूब लुभा रही है. प्रधानमंत्री उज्जैन में महाकाल मंदिर से लगे महाकाल लोक को समर्पित करेंगे.
नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के उज्जैन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल यानी 11 अक्टूबर का दौरा कई मायनों में खास होगा. पीएम मोदी उज्जैन में महाकाल परिसर में बने महाकाल लोक के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे. पीएम मोदी का महाकाल लोक के उद्घाटन का कार्यक्रम महाकाल की विशेष पूजा-अर्चना (Special Puja) के साथ शुरू होगा. इसके बाद वे गर्भ गृह में बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना करेंगे.

पीएम मोदी शाम 6:30 बजे महाकाल प्रोजेक्ट के नंदी द्वार पर लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद शाम 7:00 बजे कार्तिक मेला ग्राउंड में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे.
पारंपरिक तरीके से होगी पीएम मोदी का स्वागत

विशाल जनसभा में साधु-संतों के साथ उज्जैन के स्थानीय लोग भी शामिल होंगे. पीएम मोदी के तय कार्यक्रम पर नजर डालें तो उनका शाम 5:30 बजे महाकाल की नगरी में आने पर भव्य स्वागत किया जाएगा. पारंपरिक तरीके से डमरु, घंटा-घड़ियाल और संगीत में रुद्र घोष के साथ पीएम मोदी का स्वागत होगा. पीएम महाकाल के दर्शन के बाद नंदी द्वार पर अनावरण कार्यक्रम में शामिल होंगे.
शिवलिंग की 16 फीट ऊंची प्रतिकृति का अनावरण करेंगे

प्रधानमंत्री महाकाल लोक में शिवलिंग की 16 फीट ऊंची प्रतिकृति का अनावरण करेंगे और महाकाल लोक में बने ऋषि कश्यप अत्रि भारद्वाज प्रतिमा का भी अवलोकन करेंगे. यहां पीएम मोदी विशेष वाहन से रुद्रसागर और दूसरी प्रति कृतियों को भी देखेंगे. उज्जैन में महाकाल लोक के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान भारतनाट्यम मोहिनीअट्टम कुचिपुड़ी नृत्य प्रस्तुत होंगे. प्रधानमंत्री शिव तांडव आधारित मलखान प्रस्तुतियों को भी देखेंगे.

Edited By Deshhit News