नई दिल्ली: शुक्रवार को सुबह 10:30 बजे दिल्ली साकेत कोर्ट के बाहर एक शख्स ने एक महिला को गोली मार दी। महिला अपने वकील के साथ कोर्ट पहुंची थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने महिला और उसके वकील पर फायरिंग कर दी। फायरिंग की घटना में महिला घायल हो गई, महिला को इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है। महिला की हालात नाजुक बनी हुई है।
हमलावर ने महिला को मारी चार गोली

जानकारी के मुताबिक, हमलावर एक निलंबित वकील था। जिसका महिला से विवाद था और इसलिए उसने महिला पर गोली चला दी। आरोपी हमलावर ने वकील की वर्दी पहनी हुई थी। आरोपी निलंबित वकील ने महिला को चार गोलियां मारी। जो उसके पेट तथा अन्य हिस्सों में लगीं। आरोपी शख्स और महिला के बीच पैसों को लेकर पुराना विवाद था।
हमलावर ने महिला को दिए थे 25 लाख रुपये

हमलावर की पहचान कामेश्वर प्रसाद सिंह उर्फ बिनोद सिंह के रूप में हुई है, जो एक वकील है। आरोपी को काउंसिल ने एक अलग मामले में निलंबित कर दिया था। दावा किया जा रहा है कि हमलावर वकील ने पीड़ित महिला को 25 लाख रुपये दिए थे और बाद में महिला पैसा लौटाने में आनाकानी कर रही थी।
महिला के खिलाफ साकेत कोर्ट में चल रहा था चीटिंग का मामला

मिली जानकारी के मुताबिक, घायल महिला एम राधा वसंत कुंज एनक्लेव में रहती है। बीते साल नवंबर दिसंबर – महीने में वह जेल में भी बंद हो चुकी है। यहा वह लगभग 2 साल से रहती है। एम राधा अपने पति और एक बेटी के साथ यहां पर रहती है। महिला के खिलाफ साकेत कोर्ट में चीटिंग का मामला चल रहा था और आज इसी की सुनवाई के लिए महिला साकेत कोर्ट गई थी।
लोगों की सुरक्षा रामभरोसे नहीं छोड़ी जा सकती – अरविंद केजरीवाल

बता दें, इस घटना पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा – दिल्ली में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गयी है। दूसरों के कामों में अड़चन करने और हर बात पर गंदी राजनीति करने की बजाय सबको अपने – अपने काम पर ध्यान देना चाहिए और अगर नहीं संभलता तो इस्तीफा दे देना चाहिए ताकि कोई और कर ले। लोगों की सुरक्षा रामभरोसे नहीं छोड़ी जा सकती।