नई दिल्ली: इन दिनों ट्विटर के ब्लू टिक को लेकर खूब चर्चा हो रही है। ट्विटर के मालिक एलन मस्क ने 12 अप्रैल को लेगेसी वेरिफाइड अकाउंट से ब्लू टिक हटाने का ऐलान कर दिया था कि 20 अप्रैल से लेगेसी ब्लू टिक मार्क वेरिफाई अकाउंट से हटा दिया जाएगा। अब एलन मस्क ने ऐसा कर दिखाया। उन्होनें कई बड़े -बड़े नेता, अभिनेता के ट्विटर से ब्लू टिक को हटा दिया है। ऐसे में कई सितारे ब्लू टिक वापस करने की मांग कर रहे हैं। इसी बीच बॉलिवुड अभिनेता सोनू सूद ने अपने ट्वीटर अकाउंट पर एक ट्वीट किया है जो तेजी से वायरल हो रहा है।

सोनू सूद ने ट्वीट कर लिखा है कि- ”भाई साहब को कौन समझाए ब्लू टिक खरीदना नहीं, कमाना पड़ता है।” हालांकि, सोनू सूद ने किसी के नाम को टैग नही किया हैं लेकिन उनके ट्वीट को देख कर यही लगता है कि वह उन लोगों पर तंज कस रहे हैं, जो एलन मस्क से ब्लू टिक की मांग कर रहे हैं।

ट्विटर ने जिन सितारों के ट्विटर से ब्लू टिक हटाया है उस लिस्ट में अमिताभ बच्चन का नाम भी शामिल था। जिसके बाद उन्होंने ट्विटर पर मजाक में लिखा था कि- ”ऐ ट्विटर भइया! सुन रहे हैं? अब तो पैसा भी भर दिए हैं हम.. तो उ जो नील कमल होत है ना हमार नाम के आगे उ तो वापस लगाय दें भैया। ताकि लोग जान जाएं कि हम ही हैं.. अमिताभ बच्चन। हाथ तो जोड़ लिए रहे हम अबका गोड़वा जोड़ी पड़ी का..”

अमिताभ बच्चन की तरह शाहिद कपूर ने भी अपने ट्वीटर हैंडल से ब्लू टिक हटने पर बेहद अलग तरीके से चुटकी ली है। हालांकि, शाहिद कपूर ने एलन मस्क से कोई गुजारिश तो नहीं की है लेकिन शाहिद कपूर के एक फैंन ने उनकी फिल्म ‘कबीर सिंह’ का एक मीम शेयर किया है साथ ही कैप्सन में लिखा है कि , ”ब्लू टिक के लिए एलोन मस्क की पिटाई करने जा रहे शाहिद कपूर।” इस ट्वीट को देखने के बाद शाहिद कपूर ने अपने फैंन को चुटकी लेते हुए लिखा है कि ”मेरे ब्लू टिक को किसने टच किया… एलन, तू वहीं रुक, मैं आ रहा हूं।

इस लिस्ट में सलमान खान से लेकर शाहरुख खान के अलावा आलिया भट्ट, दीपिका पादुकोण, माधुरी दीक्षित, अक्षय कुमार, अनुष्का शर्मा, अजय देवगन जैसे कई सितारों के नाम शामिल हैं। इनके अलावा किक्रेट की दुनिया से विराट कोहली, रोहित शर्मा और राजनेताओं की लिस्ट में सीएम योगी आदित्यनाथ के अलावा राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का ब्लू टिक भी हटा दिया गया है।