नई दिल्ली: शुक्रवार को सुबह 7 बजे महाराष्ट्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। बताया जा रहा है कि एक टूरिस्ट बस मुंबई से शिर्डी जा रही थी। तभी टूरिस्ट बस की नासिक-शिर्डी हाईवे पर आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में बस में सवार 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में 7 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। वहीं हादसे में 35 लोग घायल हुए हैं। बताते चलें कि टूरिस्ट बस में कुल 45 यात्री सवार थे। घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
ये भी पढ़े: भोपाल में ठेकेदार ने 4 बच्चों और बीवी समेत खाया जहर।
मुंबई के अंबरनाथ के रहने वाले थे टूरिस्ट बस में सवार यात्री

बस में मुंबई के अंबरनाथ के यात्री सवार थे, जो शिर्डी दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसा पाथेर गांव के पास हुआ जो सिन्नर-शिरडी हाईवे पर पड़ता है। मिली जानकारी के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि बस और ट्रक दोनों ही बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस हादसे के मुख्य कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने हादसे पर जताया शोक

वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नासिक-शिर्डी हाईवे पर हुए बस हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। सीएम ने संबंधित अधिकारियों को घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
बीते 8 जनवरी को भी महाराष्ट्र में हुआ था दर्दनाक हादसा

बीते 8 जनवरी को महाराष्ट्र के पालघर जिले में बड़ा सड़क हादसा हो गया था। मिली जानकारी के अनुसार, पालघर जिले के कासा पुलिस स्टेशन के अंतर्गत वैगनार कार और ट्रक में जोरदार टक्कर हो गई थी। इस हादसे में एक नाबालिग लड़की सहित 3 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं 4 लोग बुरी तरह घायल हो गए थे। मरने वाले मुंबई के नालासोपारा के बताए जा रहे थे।
Edit By Deshhit News