हरियाणा के गुरुग्राम में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है यहां कुछ लोगों ने पुलिस के काफिले पर हमला कर दिया जिसमें चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।
नई दिल्ली: हरियाणा के गुरुग्राम में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है यहां कुछ लोगों ने पुलिस के काफिले पर हमला कर दिया जिसमें चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक घटना बुधवार रात करीब 11 बजे की है, जब गुरुग्राम के जीवन अस्पताल में दो लोग दवा लेने पहुंचे, दवा का बिल नहीं देने पर अस्पताल के कर्मचारियों से इन दोनों का विवाद हो गया।
हंगामा बढ़ते देख अस्पताल के कर्मचारियों ने पुलिस को फोन किया। मौके पर पुलिस PCR पहुंची तो आरोपियों ने पीसीआर वैन पर लाठियों से हमला कर दिया और पुलिस कर्मियों को घायल कर दिया। इस हमले में चार पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर है। वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी पीसीआर वैन में तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं।
जीवन अस्पताल के डॉक्टर सुनील तंवर ने कहा कि बुधवार रात दो लोगों ने उनके अस्पताल के कर्मचारियों पर हमला किया जिसके बाद उन्होंने पुलिस को फोन किया। तंवर ने कहा कि पुलिस के आने के बाद उन्होंने पीसीआर पर भी हमला कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल के कर्मचारियों के साथ लोगों की मारपीट के साथ ये घटनाएं लगातार हो रही हैं।
भोंडसी SHO पीएस मुकेश ने कहा, “हमें बीती रात जीवन अस्पताल में झगड़े की कॉल आई, पीसीआर मौके पर पहुंची जिसके बाद आरोपियों ने पुलिस पर हमला किया। मामले में FIR दर्ज कर दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम का गठन कर दिया गया है।”
Edited By Deshhit News