नई दिल्ली: 13 मई को कर्नाटक विधानसभा चुनावों के नतीजों की तस्वीर साफ हो गई। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने प्रचंड जीत हासिल की। कर्नाटक में कांग्रेस की जीत के बाद देश की राजनीति का माहौल गर्मा गया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस पर तंज कसा है और साथ ही कहा है कि मुझे उम्मीद है कि मोहब्बत की दुकान में नफरत के सामान से बचेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान के चुनाव के दौरान भी कहा था कि पीएम मोदी की उल्टी गिनती शुरू हो गई है, लेकिन तभी से जनता सीधी गिनती में लगी रही और इस बार भी यही होगा।
10 साल बाद सत्ता में वापस लौटी है कांग्रेस

बीजेपी नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने ये भी कहा कि विपक्ष भले ही एक हो लेकिन वे उससे पहले अपने मतभेद कम कर लें। उन्होंने कहा कि जितने इनके गठबंधन में छेद नहीं हैं, उससे ज्यादा तो इनमें मतभेद हैं। पहले अपने गठबंधन के छेदों को रफू करें। बता दें कि शनिवार (13 मई) को कर्नाटक विधानसभा का रिजल्ट घोषित किया गया, जिसमें कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत हुई पार्टी 10 साल के बाद सत्ता में वापस लौटी है।
224 में से 135 सीटों पर कांग्रेस ने हासिल की प्रचंड जीत

बता दें कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 224 विधानसभा सीटों में से 135 सीटें जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, बीजेपी ने महज 66 सीटें हासिल कीं, जिसके कारण उसे राज्य की सत्ता गंवानी पड़ी। कर्नाटक का यह चुनाव 2024 के संसदीय चुनावों से पहले दोनों पार्टियों के लिए लिटमस टेस्ट के रूप में देखे जाने वाले चुनाव में से एक था। वहीं, कर्नाटक चुनाव में जीत का श्रेय का राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा को दिया है।
BJP, Congress, deshhit news, karnataka assembly elections, Senior BJP leader Mukhtar Abbas Naqvi