नई दिल्ली: 11 अप्रैल को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिल गया। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टा आज देश के सभी प्रदेश और जिला कार्यालयों पर राष्ट्रीय पार्टी बनने का जश्न मनाएगी। साथ ही आम आदमी पार्टी देशभर में पद यात्राएं भी करेगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस, मीटिंग और पद यात्राओं के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। बता दें, अरविंद केजरीवाल ने देश के लोगों से अपील की है कि जो लोग अभी तक पार्टी से नहीं जुड़े हैं। वो 9871010101 पर मिस्ड कॉल कर आम आदमी पार्टी के सदस्य बन सकते हैं। उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि बुधवार आम आदमी पार्टी के कार्यालयों पर पहुंचकर पार्टी की पदयात्रा के माध्यम से हमारे जश्न के भागीदार बनें।

राष्ट्रीय पार्टी बनने का मतलब है कि आप अब राष्ट्रीय उम्मीद बन गई है – गोपाल राय

आप के राष्ट्रीय पार्टी बनने के जश्न के मौके पर आम आदमी पार्टी के नेता गोपाल राय ने कहा “पूरा देश AAP का स्वागत कर रहा है और एक उम्मीद भरी नजरों से देख रहा है। दस साल पहले आम आदमी पार्टी की जीरो से शुरूआत हुई थी और 10 साल बाद आज दिल्ली, पंजाब, गोवा होते हुए राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। राष्ट्रीय पार्टी बनने का मतलब है कि आप अब राष्ट्रीय उम्मीद बन गई है। आज जिस तरह सभी पार्टियां धीरे-धीरे सिमट रही हैं, उन्हीं विपरीत परिस्थितियों से लड़ते हुए आम आदमी पार्टी ने जनता का समर्थन और विश्वास हासिल करते हुए राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा प्राप्त किया है। इसके लिए पूरे देश के आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और सभी देशवासियों को तहे दिल से बधाई देते हैं। दिल्ली से राष्ट्रीय पार्टी बनने के मौके पर जश्न का सिलसिला शुरू हो चुका है।”
आज लोगों ने हमें ये बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है – अरविंद केजरीवाल

बता दें, आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिलने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी प्रसन्नता व्यक्त की थी। उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि “इतने कम समय में राष्ट्रीय पार्टी? ये किसी चमत्कार से कम नहीं। सबको बहुत बहुत बधाई। देश के करोड़ों लोगों ने हमें यहां तक पहुंचाया है। लोगों को हमसे बहुत उम्मीद है। आज लोगों ने हमें ये बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है।”
टीम के कप्तान अरविंद केजरीवाल जी के सपनों को बधाई – भगवंत मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय दल का दर्जा मिलने के बाद पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल और कार्यकर्ताओं को बधाई दी थी। मान ने ट्वीट करते हुए कहा था- “कमाल कमाल…‘आप’ टीम के कप्तान अरविंद केजरीवाल जी के सपनों को बधाई…करोड़ों टीम सदस्यों को बधाई…मेहनत रंग लाई…‘आप’ की क्रांति का चश्मदीद गवाह…भगवंत मान।”
2012 में स्थापित हुई थी आम आदमी पार्टी

बता दें, भ्रष्टाचार के खिलाफ खड़े हुए अन्ना आंदोलन से निकलकर आम आदमी पार्टी का गठन 2012 में हुआ था। समाजसेवी अन्ना हजारे और आंदोलन से जुड़े कुछ लोगों का मानना था कि राजनीति में नहीं आना चाहिए, लेकिन आईआरएस अधिकारी रहे अरविंद केजरीवाल व उनके साथ के कुछ लोगों की राय अलग थी और ये राजनीति में आकर राजनीति बदलने की बात कहते हुए आगे बढ़ गए। एक साल बाद ही 2013 में आम आदमी पार्टी ने पहला चुनाव लड़ा। 70 सीटों वाली दिल्ली विधानसभा में आप दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। उसे 28 सीटें मिलीं। कांग्रेस ने उसे बाहर से समर्थन दिया और दिल्ली में केजरीवाल की सरकार बन गई, लेकिन यह सरकार अधिक दिनों तक नहीं चल सकी, 49 दिन बाद केजरीवाल ने इस्तीफा दे दिया।
2015 के विधानसभा चुनाव में आप ने दर्ज की थी प्रचंड जीत

आप ने 2014 का लोकसभा चुनाव देश की 400 सीटों पर लड़ा। केजरीवाल वाराणसी से नरेन्द्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़े। इसके नतीजे अच्छे नहीं रहे। आप के हाथ कुछ नहीं लगा। दिल्ली में भी एक भी सीट नहीं मिली। आप सिर्फ पंजाब में चार सीटों पर जीत दर्ज कर सकी।इसके बाद आप ने सिर्फ दिल्ली पर फोकस किया और 2015 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल की। आप को 70 में से 67 सीटें मिलीं, लेकिन इस बीच पार्टी में अंतर्कलह सामने आने लगी। अप्रैल 2015 में पार्टी के संस्थापक सदस्यों योगेंद्र यादव, प्रशांत भूषण और प्रो. आनंद कुमार को आप से निष्कासित कर दिया गया।
आप ने 2022 में पंजाब विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर बनाई थी अपनी सरकार

मार्च, 2022 में हुए पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने सरकार बनाई। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने 77 सीटें जीतीं। वहीं, 2017 के पंजाब विधानसभा चुनाव में, AAP ने 117 में से 112 सीटों पर चुनाव लड़ा, कुल मतों के 23.72% के साथ 20 सीटों पर जीत हासिल की।2019 के लोकसभा चुनाव में आप ने पंजाब की 13 में से 13 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 1 सीट जीत गई थी। 2014 में आप ने पंजाब की 13 में से 13 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 4 सीटों पर जीत हासिल की थी।
एमसीडी में अपनी सरकार बनाकर आप ने रचा इतिहास

गुजरात विधानसभा 2022 में आम आदमी पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया था। जहां पार्टी को करीब 12 प्रतिशत वोट मिले थे। पार्टी ने वहां पांच सीटें जीती थीं। आम आदमी पार्टी की दो राज्यों में सरकार है। पंजाब में 2022 में विधान सभा के चुनाव हुए थे, जहां पार्टी ने पूर्ण बहुमत से सरकार बनाई थी। फरवरी 2020 में भी केंद्र शासित प्रदेश व राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी पार्टी ने कब्जा जमा लिया था। पिछले साल दिल्ली एमसीडी में भी आम आदमी पार्टी ने पहली बार अपना मेयर बनाकर इतिहास रच दिया था।