योगी का अखिलेश पर तंज- पास्ट अच्छा नहीं तो फ्यूचर भी अच्छा नहीं होगा: बोले- 10 दिन में 50 हजार युवाओं को देंगे नौकरी

27 Nov, 2026
Head office
Share on :

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। लखनऊ में 1,594 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति-पत्र बांटने के दौरान सीएम ने सपा के घोषणा पत्र और 30 लाख नौकरियां देने के वादे पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को बताना चाहिए कि 30 लाख युवाओं को नौकरी कहां और कैसे देंगे। सपा की चार बार सरकार रही, उस दौरान कितने युवाओं को नियुक्ति-पत्र दिए गए? मुख्यमंत्री रहते उन्होंने प्रदेश के लिए क्या किया?

योगी ने तंज कसते हुए कहा कि जब किसी का पास्ट अच्छा नहीं होता, तो फ्यूचर भी अच्छा नहीं हो सकता। उन्होंने दावा किया कि सपा और बसपा ने अपने पूरे कार्यकाल में जितनी नौकरियां नहीं दीं, उससे ज्यादा नियुक्ति-पत्र उनकी सरकार ने दिए हैं।

1,594 युवाओं को मिले नियुक्ति-पत्र

मुख्यमंत्री ने लखनऊ में आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय में चयनित 1,594 युवाओं को नियुक्ति-पत्र वितरित किए। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के माध्यम से हुई इस भर्ती में 201 ऑडिटर और 1,393 असिस्टेंट अकाउंटेंट का चयन किया गया है। इस दौरान योगी ने कहा कि अगले 10 दिनों में 50 हजार युवाओं को नियुक्ति-पत्र देने की तैयारी है। इनमें 8 हजार लेखपाल, 42 हजार होमगार्ड और 2 हजार शिक्षक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अब तक 10 लाख नियुक्ति-पत्र बांट चुकी होगी और सैफई सिंडिकेट को सरकार की भर्ती की रफ्तार और संख्या पच नहीं पाएगी।

1. अखिलेश पाखंड के कारण नोएडा नहीं जाते थे

योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे राम मंदिर का विरोध करते हैं। भगवान से डरना चाहिए, पाखंड से नहीं। उन्होंने नोएडा का जिक्र करते हुए कहा कि यह उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण चेहरा है, लेकिन पहले इसे लूट-खसोट का अड्डा बना दिया गया था। योगी ने कहा कि वे भगवा कपड़े पहनते हैं, लेकिन उन्हें नोएडा जाने से कोई परहेज नहीं है। उनका इशारा अखिलेश यादव की नोएडा यात्रा से जुड़ी पुरानी राजनीतिक मान्यताओं की ओर था।

2. सपा-बसपा के कार्यकाल पर उठाए सवाल

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1947 से लंबे समय तक उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार रही। इसके बाद सपा और बसपा ने भी कई बार सत्ता संभाली, लेकिन उनके कार्यकाल में युवाओं को पर्याप्त रोजगार नहीं मिला। योगी ने दावा किया कि सपा और बसपा ने अपने पूरे कार्यकाल में जितने नियुक्ति-पत्र नहीं बांटे, उससे दोगुने नियुक्ति-पत्र उनकी सरकार ने दिए हैं। उन्होंने अखिलेश यादव से उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल का हिसाब देने को कहा।

3. 10 दिन में 50 हजार युवाओं को नौकरी देने का दावा

योगी ने कहा कि उनकी सरकार अगले 10 दिनों में 50 हजार युवाओं को नियुक्ति-पत्र देने जा रही है। इसमें लेखपाल, होमगार्ड और शिक्षकों की भर्ती शामिल है। उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि अगर उन्हें गिनती आती है तो सरकार जल्द ही 10 लाख नियुक्ति-पत्र बांट चुकी होगी। योगी ने कहा कि उनकी सरकार में भर्ती की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।

4. यूपी की पुरानी भर्तियों की तुलना ‘मुन्ना भाई MBBS’ से की

मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की भर्ती प्रक्रियाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय मेहनत करने वाले युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार अवसर नहीं मिलता था। उन्होंने फिल्म ‘मुन्ना भाई MBBS’ का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में उत्तर प्रदेश में होने वाली नियुक्तियों की स्थिति भी कुछ ऐसी ही थी। योगी ने कहा कि 2017 से पहले भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ियां होती थीं और योग्य उम्मीदवारों को नुकसान उठाना पड़ता था। उनकी सरकार में मेरिट और पारदर्शिता के आधार पर चयन किया जा रहा है।

5. थर्ड डिवीजन वाले अभ्यर्थी को UPPSC में टॉपर बनाने का आरोप

योगी आदित्यनाथ ने 2015 में आए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) के परिणाम का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि उस परीक्षा में टॉप करने वाले अभ्यर्थी के हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और ग्रेजुएशन में थर्ड डिवीजन थे। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अभ्यर्थी ने खुद टॉप नहीं किया, बल्कि उसे टॉप कराया गया था। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले एक भी भर्ती ईमानदारी से नहीं होती थी।

6. नौकरी निकलते ही चाचा-भतीजे वसूली के लिए निकल पड़ते थे

सीएम योगी ने सपा सरकार पर भर्ती के नाम पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उस समय नौकरी निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। आवेदन कोई करता था, लेकिन नियुक्ति-पत्र किसी और को मिल जाता था। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में प्रभावशाली लोगों ने अपने बच्चों को विदेश में पढ़ाया और प्रदेश को अपनी बपौती समझकर उसका इस्तेमाल किया।

7. गलत काम करने से साफ मना कर देना

नवनियुक्त युवाओं को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि आप सभी वित्त विभाग से जुड़े हैं। अगर कोई सरकार या वरिष्ठ अधिकारी आपसे गलत काम करने को कहे तो साफ मना कर देना। हमेशा मेरिट और नियमों के आधार पर काम करना। उन्होंने गोमती रिवर फ्रंट परियोजना का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां फर्जीवाड़ा हुआ था और कार्रवाई के बाद कर्मचारी जेल गए। सीएम ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार से पैसा कमाने वाले कुछ लोगों ने विदेशों में संपत्तियां बनाई हैं।

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना बोले- च्वाइस के आधार पर मिलेगी पोस्टिंग

कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रदेश में अब तक करीब साढ़े नौ लाख सरकारी पदों पर भर्तियां की जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने छह महीने में एक लाख और नौकरियां देने की बात कही थी, जिनमें से आधी से अधिक भर्तियां पूरी हो चुकी हैं। खन्ना ने नवनियुक्त युवाओं को बताया कि अब उनकी पोस्टिंग के लिए उनसे पसंद के विकल्प मांगे जाएंगे। उपलब्ध विकल्पों के आधार पर उन्हें तैनाती दी जाएगी।