शिमला-देहरादून से भी ठंडा भोपाल, पारा 8.8°C पहुंचा: MP के 4 जिलों में शीतलहर का अलर्ट, 6.8°C के साथ कटनी सबसे सर्द

27 Nov, 2026
Head office
Share on :

मध्यप्रदेश में नवंबर के आखिरी सप्ताह में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी भोपाल में रात का न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खास बात यह है कि भोपाल की रात शिमला और देहरादून से भी ज्यादा ठंडी रही। दोनों पहाड़ी शहरों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं प्रदेश में कटनी का करौंदी 6.8 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा।

4 जिलों में शीतलहर का अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार को भोपाल, शाजापुर, दमोह और कटनी में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के 10 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया। दमोह में 7 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर में 7.4, शाजापुर के गिरवर में 7.7 और रीवा में 9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। जबलपुर और उमरिया में भी पारा 9.8 डिग्री रहा।

भोपाल में लगातार तीसरे साल तेज ठंड

राजधानी में लगातार तीसरे साल नवंबर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। 23-24 नवंबर की रात न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री था, जो अगली रात 8.8 डिग्री दर्ज हुआ। इससे पहले 17 नवंबर 2025 को पारा 5.2 डिग्री तक पहुंच गया था। भोपाल में नवंबर का अब तक का रिकॉर्ड न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री है, जो 30 नवंबर 1941 को दर्ज हुआ था।

पहाड़ों की बर्फबारी से बढ़ी ठंड

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर मध्यप्रदेश में दिखाई दे रहा है। उत्तरी हवाओं के कारण रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान करीब 2 डिग्री तक गिर सकता है। सुबह धुंध और दिन में ठंडी हवाओं का असर बना रहेगा।

ग्वालियर और उज्जैन में भी टूट चुके हैं रिकॉर्ड

प्रदेश के बड़े शहरों में नवंबर के दौरान पहले भी रिकॉर्ड ठंड पड़ चुकी है। ग्वालियर में 1970 में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री और उज्जैन में 30 नवंबर 1974 को 2.8 डिग्री दर्ज किया गया था। इंदौर में 1938 में पारा 5.6 डिग्री तक पहुंचा था, जबकि जबलपुर में 1989 में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री दर्ज हुआ था। फिलहाल प्रदेश में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में लोगों को सर्दी से राहत मिलने की संभावना कम है।