SIR के विरोध में INDIA गठबंधन की बड़ी रैली.. खड़गे के घर पहुंचे अखिलेश-प्रियंका,10 लाख लोगों के जुटने का दावा

01 Nov, 2026
Head office
Share on :

नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की बड़ी रैली आयोजित की जा रही है। इसमें 20 से ज्यादा विपक्षी राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस ने रैली में करीब 10 लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया है। सुबह से ही रामलीला मैदान में कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जुटना शुरू हो गया है।

खड़गे के आवास पर जुटे विपक्षी नेता, मिंटो ब्रिज से निकलेगा मार्च

रैली से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर विपक्षी नेताओं की मुलाकात हुई। इसमें कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई नेता पहुंचे। यहां रैली की रणनीति और SIR के मुद्दे पर आगे की कार्रवाई को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद मिंटो ब्रिज से विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं का मार्च रामलीला मैदान की ओर रवाना होना है।

मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग, 25 दिनों में सातवीं बार एकजुट हुआ विपक्ष

INDIA गठबंधन की इस रैली में SIR का विरोध करने के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी। विपक्षी दलों का आरोप है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर कई सवाल हैं, जिनका जवाब मिलना चाहिए। पिछले 25 दिनों में विपक्षी दल इस मुद्दे पर सातवीं बार एकजुट हुए हैं। इससे पहले 6 से 13 अक्टूबर के बीच छह बार प्रदर्शन किए जा चुके हैं।

2.5 लाख दुकानें बंद होने की आशंका, 10 से 12 हजार करोड़ के कारोबार पर असर का दावा

विपक्ष की रैली को लेकर कारोबारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने भी चिंता जताई है। संगठन के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को चौथी चिट्ठी लिखकर रैली से व्यापार और परिवहन प्रभावित होने की आशंका जाहिर की है। संगठन के मुताबिक, रैली के कारण दिल्ली में करीब 2.5 लाख दुकानें बंद रह सकती हैं और 10 से 12 हजार करोड़ रुपये के कारोबार पर असर पड़ सकता है। व्यापारियों ने राजनीतिक आयोजनों के दौरान बाजारों और आम लोगों की आवाजाही का ध्यान रखने की अपील की है।

पवन खेड़ा बोले- सरकार घबराई हुई है, देश की आवाज सुननी होगी

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने रैली को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि INDIA गठबंधन की रैली में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से सरकार चिंतित है। खेड़ा ने कहा कि बार-बार धारा 163 का हवाला देकर बयान जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने नितिन नवीन के सड़कों पर निकलने का उदाहरण देते हुए सवाल उठाया कि उस समय धारा 163 लागू क्यों नहीं की जाती।

विपक्ष ने कहा- लोकतांत्रिक आवाज को सुनना होगा

पवन खेड़ा ने कहा, “घबराने की जरूरत नहीं है। यह देश की आवाज है और आपको इसे सुनना ही पड़ेगा।” विपक्षी दलों का कहना है कि SIR को लेकर उनकी चिंताएं मतदाताओं के अधिकारों से जुड़ी हैं। वहीं, इस रैली के जरिए INDIA गठबंधन अपनी एकजुटता और विरोध दर्ज कराने की तैयारी में है। अब सबकी नजरें रामलीला मैदान में होने वाले इस राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन और नेताओं के संबोधनों पर टिकी हैं।