CM धामी की युवाओं और खिलाड़ियों को सौगात, हर ग्राम पंचायत में बनेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब

01 Nov, 2026
Head office
Share on :

राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं और खिलाड़ियों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। प्रदेश की हर ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित किया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 की जाएगी। प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि और विजेता जिले को मिलने वाली धनराशि भी बढ़ाई जाएगी।

मुख्यमंत्री कप की राशि 10 लाख रुपये होगी

शनिवार को देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के ओवरऑल विजेता जिले को मिलने वाली मुख्यमंत्री कप की राशि 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायतों में खेल क्लब बनने से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। चैंपियनशिप में पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया जाएगा।

खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के अलग-अलग स्तरों पर खिलाड़ियों को मिलने वाली पुरस्कार राशि बढ़ाई जाएगी। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय 200 से 300 रुपये और तृतीय 150 से 200 रुपये किया जाएगा। वहीं, विधानसभा स्तर पर पुरस्कार राशि क्रमशः 700, 500 और 400 रुपये होगी। संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए 1000, 800 और 600 रुपये दिए जाएंगे। राज्य स्तर पर यह राशि 2000, 1500 और 1000 रुपये होगी।

मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनेगा

सीएम धामी ने देहरादून के आमवाला में युवा केंद्र से लगी खाली जमीन युवा कल्याण विभाग को देने की घोषणा की। इस जमीन पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा। इसके अलावा पीआरडी जवानों का मानदेय बढ़ाने के लिए जल्द बैठक आयोजित की जाएगी।

खेलों को बढ़ावा देने पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें बेहतर अवसर और सुविधाएं देने की है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी विभागों में आउट ऑफ टर्न नियुक्ति भी दी जा रही है। कार्यक्रम के दौरान सीएम ने युवाओं से खेल और योग को दिनचर्या में शामिल करने, अनुशासन बनाए रखने और नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत बनाने का संदेश भी दिया।