मुनिकीरेती पुलिस ने जानकी पुल के पास से चोरी हुई स्कूटी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई स्कूटी भी बरामद कर ली है। मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि 28 मई को उत्तर प्रदेश के खीरी निवासी अक्षय श्रीवास्तव ने थाना मुनि की रेती में तहरीर दी थी।
बताया कि वह देहरादून से किराये पर स्कूटी लेकर जानकी पुल के पास पहुंचे। घूमने के लिए उन्होंने स्कूटी खड़ी की। कुछ देर बाद जब वह लौटे तो स्कूटी वहां से गायब थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल स्कूटी चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान की टीम ने गहन विश्लेषण के बाद सीसीटीवी में एक संदिग्ध को स्कूटी ले जाता हुआ देखा।
मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने खारास्त्रोत स्थित वाइन शॉप के पास घेराबंदी कर सौरभ कुमार को गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्कूटी चोरी करने की बात कबूल की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी की गई स्कूटी बरामद कर ली गई।
एसएसपी टिहरी ने जनपदवासियों और पर्यटकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर ही पार्क करें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
उन्होंने साफ किया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा बनाए रखने के लिए ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों पर ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।