CM Yogi Saharanpur: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के मौके पर सहारनपुर में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान CM योगी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि जिन लोगों ने उत्तर प्रदेश को ‘कर्फ्यू और दंगों’ की आग में झोंका था, उनसे विकास की उम्मीद करना एक सपने के समान है।
मुख्यमंत्री योगी ने सहारनपुर को विकास और सुशासन के नए केंद्र के रूप में परिभाषित करते हुए कहा कि PM मोदी ने जनता को कनेक्टिविटी की नई सौगात दी। मुख्यमंत्री योगी ने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर, महर्षि वाल्मीकि और संत रविदास जैसे महापुरुषों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा, PM मोदी ने पंच तीर्थों का विकास कर बाबा साहेब को सच्चा सम्मान दिया है। अब हमारी सरकार ने संकल्प लिया है कि प्रदेश में जहां भी बाबा साहेब, महर्षि वाल्मीकि और संत रविदास जी की मूर्तियां खुले में हैं, उन पर छतरी लगाई जाएगी। सीएम योगी ने कहा कि यह केवल निर्माण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनकी विरासत और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का एक माध्यम है।
CM योगी आदित्यनाथ ने जोर देकर कहा कि केंद्र और प्रदेश में एक ही विचारधारा की सरकार होने का लाभ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड दोनों राज्यों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार की ही ताकत है कि आज बड़े से बड़े प्रोजेक्ट्स लाने में कोई दिक्कत नहीं आती। सीएम योगी ने उदाहरण देते हुए कहा कि आज प्रदेश में एशिया का सबसे बड़ा जेवर एयरपोर्ट बना और विश्वस्तरीय फिल्म सिटी का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।
विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए CM योगी ने कहा कि समाज को बांटने वाले लोग आज भी जाति के नाम पर राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने जनता को आगाह किया कि जिन्होंने दंगों को संरक्षण दिया, वे कभी विकास नहीं कर सकते। पीएम मोदी के नेतृत्व में आज भारत पूरी दुनिया के सामने ‘विकास और सुशासन’ का एक वैश्विक मॉडल खड़ा कर रहा है। आज प्रदेश न केवल सुरक्षा का मॉडल है, बल्कि इन्वेस्टमेंट (निवेश) का सबसे पसंदीदा केंद्र बनकर उभरा है।