चोर समझ कर प्रेमिका से मिलने आये प्रेमी की ग्रामीणों ने कर दी पिटाई, वीडियो हुआ वायरल

12 Sep, 2024
Head office
Share on :
  • मामला कन्नौज जिले के तिर्वा कोतवाली के गांव बछज्जापुर का।

कन्नौज। अपनी प्रेमिका से मिलने आये एक प्रेमी युवक को ग्रामीणों ने भागने के दौरान चोर समझ कर पिटाई कर दी। माजरे का खुलासा उसकी प्रेमिका के द्वारा किया गया, तब ग्रामीणों ने पुलिस को घटनाक्रम की सूचना देते हुये युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। तो वहीं घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है।

आपको बताते चले कि बीती सायं तिर्वा कोतवाली के इंदरगढ़ तिर्वा मार्ग पर स्थित गांव बछज्जापुर में एक युवती से मिलने उसका प्रेमी आया था। दोनों के बीच फेसबुक पर हुई दोस्ती के बाद प्यार हुआ था।

युवक जब बीती सायं गांव पहुंचा तो प्रेमिका भी उससे मिलने गांव के निकट ही एक मक्के के खेत में पहुंची। अभी दोनों प्रेमी आपस में बात कर ही रहे थे, कि आसपास मौजूद कुछ ग्रामीणों की नजर खेत पर पड़ी। ग्रामीण जब खेत की ओर पहुंचे तो शोर की आवाज पर प्रेमिका के साथ मौजूद प्रेमी मौके से भाग खड़ा हुआ।

युवक को भागते देख ग्रामीणों को संदेह हुआ, और चोर समझ कर ग्रामीणों ने उसका पीछा करते हुये उसको दबोच लिया। इसके बाद युवक की ग्रामीणों ने पिटाई भी की।
निकट ही मौजूद प्रेमिका को जब अपने प्रेमी के पीटे जाने का पता चला, तो वह भी मौके पर आ पहुंची। मजरा जब साफ हुआ तो ग्रामीणों को सब कुछ समझ आ गया। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को अपनी सुपुर्दगी में ले लिया, और कोतवाली ले आई। पता चला है, कि पकड़ा गया युवक कानपुर नगर के बिल्हौर क्षेत्र का रहने वाला है। उपरोक्त मामले में पुलिस का कहना था, कि मामले की जांच की जा रही है।