दिल्ली में हुआ उत्तराखंड का सियासी उलटफेर, तीन पूर्व विधायक समेत कई भाजपाई कांग्रेस में शामिल !

28 Mar, 2026
Head office
Share on :

नई दिल्ली/देहरादून। एआईसीसी मुख्यालय में शनिवार को पार्टी प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत, उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उत्तराखंड भाजपा के कई बड़े नेताओं ने कांग्रेस पार्टी का हाथ थाम लिया है।

भारतीय जनता पार्टी छोड़कर कांग्रेस ज्वाइन करने वालों में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, पूर्व विधायक नारायण पाल, घनसाली विधानसभा से पूर्व विधायक भीमलाल आर्य, रुड़की के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गौरव गोयल समेत मसूरी के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता, लाखन सिंह नेगी शामिल हैं।

कांग्रेस का कहना है कि आज भाजपा नेताओं के कांग्रेस का दामन थामने से राज्य में स्पष्ट संदेश गया है कि भाजपा के दिन अब लद चुके हैं। भाजपा के नेता भी अब मानने लगे हैं कि यह जहाज अब डूबने वाला है। कांग्रेस पार्टी 2027 में राज्य में सरकार बनाने जा रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि हमने एक लंबी लिस्ट प्रदेश प्रभारी को उपलब्ध कराई है। इस लिस्ट में वे लोग शामिल हैं जो कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं। इनमें से 6 नेताओं ने आज कांग्रेस ज्वाइन की है।

गणेश गोदियाल ने कहा अभी ऐसे नेताओं की लंबी लिस्ट है जो कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं। गणेश गोदियाल ने कहा आगे ज्वाइनिंग की प्रक्रिया चलती रहेगी।