तीर्थनगरी के त्रिवेणी घाट पर आज जल पुलिस के जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए गंगा में डूब रहे एक बुजुर्ग की जान बचाई।
तेज बहाव और बीच धारा में फंसे होने के बावजूद जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद बुजुर्ग को सकुशल बाहर निकाला। बीते रोज की दोपहर करीब 3 बजे त्रिवेणी घाट चौकी को सूचना मिली कि एक व्यक्ति गंगा की तेज धारा में बह रहा है।
सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात जल पुलिस के जांबाज कर्मचारी हेड कांस्टेबल चैतन्य त्यागी, हेड कांस्टेबल हरीश गुसाईं और गोताखोर विनोद सेमवाल बिना एक पल गंवाए लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों के साथ आस्था पथ की ओर दौड़ पड़े।
टीम ने देखा कि 72 सीढ़ी से लगभग 200 मीटर दूर एक व्यक्ति बीच धारा में बहता जा रहा है। बुजुर्ग को डूबता देख जल पुलिस के जवानों ने तुरंत गंगा में छलांग लगा दी। लहरों से जूझते हुए जवानों ने आवास विकास गली नंबर 4 के पास बुजुर्ग को पकड़ लिया और कड़ी मेहनत के बाद उन्हें किनारे तक लेकर आए। बाहर निकालते समय बुजुर्ग बेहोश थे। जवानों ने मौके पर ही उन्हें सीपीआर दिया।
जिससे उन्हें होश आ गया। तत्काल उच्च अधिकारियों और 108 एम्बुलेंस को सूचित किया गया, जिसके बाद उन्हें सरकारी अस्पताल भिजवाया गया। पूछताछ और जानकारी जुटाने पर बुजुर्ग की पहचान बचन सिंह नेगी पुत्र शेर सिंह नेगी निवासी 40 राजीव ग्राम, ढालवाला, मुनि की रेती के रूप में हुई।
जल पुलिस की इस तत्परता की स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों ने जमकर प्रशंसा की है। त्रिवेणी घाट चौकी प्रभारी विनेश कुमार ने बताया कि समय पर मिली सूचना और जवानों की फुर्ती ने बुजुर्ग को नया जीवन दान दिया है।