टिहरी पुलिस और सीआईयू की टीम ने मिलकर एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में पुलिस टीम ने विभिन्न क्षेत्रों से गुम हुए 147 मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को लौटा दिए हैं।
इन बरामद किए गए मोबाइलों की अनुमानित कीमत 25 लाख से अधिक बताई जा रही है। इस अवसर पर ढालवाला स्थित सीआईयू कार्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जहां उपस्थित कई लोगों को एसएसपी श्वेता चौबे ने उनके खोए हुए मोबाइल सौंपे। अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई। एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि मोबाइल फोन की बरामदगी एक बेहद जटिल और चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया है।
इसके लिए पुलिस टीम ने लगातार तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया और कड़े प्रयासों के बाद इन फोनों को ढूंढ निकाला। उन्होंने इस सराहनीय कार्य के लिए सीआईयू टीम और सीओ के पर्यवेक्षण की सराहना की और पूरी टीम को नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की।
एसएसपी ने बताया कि इन बरामद मोबाइलों में से कई फोन उन पर्यटकों और श्रद्धालुओं के थे, जो गैर-राज्यों से चारधाम यात्रा पर उत्तराखंड आए थे। यात्रा के दौरान उनके फोन गुम हो गए थे, जिसकी रिपोर्ट उन्होंने दर्ज कराई थी।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इन बाहरी राज्यों के यात्रियों के फोन कूरियर के माध्यम से उनके गृह राज्यों में सुरक्षित भिजवा दिए हैं, जिसके लिए यात्रियों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया है।