उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान को भी अब झूठी गारंटियों की चिंता सताने लगी है क्योंकि जनता को ज्यादा समय तक अंधेरे में नहीं रखा जा सकता। राजीव बिंदल ने कहा कि इस समय भाजपा की सबसे बड़ी गारंटी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कहते हैं, उसे करके दिखाते हैं। केंद्र सरकार ने जहां किसानों के खातों में हर वर्ष 6000 रुपए की सम्मान निधि डाली है, वहीं खाद के दाम भी नहीं बढ़ने दिए तथा गेहूं, चावल, दालों और तिलहन में एमएसपी की दरों को कई गुना बढ़ाया गया है। इतना ही नहीं, 14000 करोड़ रुपए की विश्वकर्मा योजना शुरू करके कुम्हार, सुनार, लोहार, बढ़ई और मिस्त्री जैसे वर्गों को राहत प्रदान की है। देश में साढ़े 3 करोड़ पक्के घर, 20 करोड़ घरों में स्वच्छ जल, 11 करोड़ शौचालय निर्माण और 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन वितरित किया गया है। भाजपा किसान मोर्चा की बैठक में भाजपा के संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा और प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा विशेष रूप से उपस्थित रहे। मोर्चा प्रदेश मीडिया प्रभारी महेंद्र शर्मा ने बताया कि भाजपा के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार मोर्चा आगे बढ़ेगा तथा आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का प्रयास करेगा।