Punjab news: पंजाब को औद्योगिक विकास की नई रफ्तार देने के उद्देश्य से मोहाली में आयोजित तीन दिवसीय ‘प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन-2026’ की शनिवार को शानदार शुरुआत हुई। सम्मेलन के पहले ही दिन देश के प्रमुख उद्योगपतियों ने पंजाब में 10,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश करने का भरोसा दिया।
पहले दिन उद्योग जगत को मिला जबरदस्त समर्थन
मोहाली में शुरू हुए इस तीन दिवसीय सम्मेलन में देश के कई बड़े औद्योगिक समूहों ने पंजाब में अपने कारोबार का विस्तार करने और नए प्रोजेक्ट शुरू करने की घोषणा की। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए सरकार ने मजबूत पहल की है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के पहले ही दिन 10,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिलना राज्य के लिए गर्व और संतोष का विषय है।
मुख्यमंत्री मान के अनुसार एचएमईएल, टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू, ट्राइडेंट ग्रुप, हीरो इंडस्ट्रीज समेत कई बड़े औद्योगिक घरानों ने पंजाब में अपने निवेश को बढ़ाने की योजना पेश की है।
केजरीवाल ने दिया उद्योगों को हर सुविधा देने का आश्वासन

सम्मेलन में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने निवेशकों को संबोधित करते हुए कहा कि वैश्विक प्रतिस्पर्धा, खासकर चीन से मुकाबले के लिए पंजाब सरकार उद्योगों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया कि उद्योग-अनुकूल नीतियों के चलते पिछले चार वर्षों में पंजाब में लगभग 1.50 लाख करोड़ रुपये का निवेश आया है, जो राज्य की आर्थिक प्रगति का संकेत है।
बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी पर भी जोर
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि 2022 में सरकार बनने के बाद पंजाब ने बिजली, स्वास्थ्य, रियल एस्टेट, बुनियादी ढांचे और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में पंजाब के मोहाली, हलवारा, अमृतसर, बठिंडा, पठानकोट और आदमपुर शहरों में हवाई अड्डे संचालित हैं, जबकि राज्य में सड़कों का नेटवर्क भी तेजी से विकसित किया जा रहा है।
पंजाब की उद्यमिता दुनिया भर में प्रसिद्ध
मुख्यमंत्री ने पंजाब की उद्यमशील परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि सोनालिका, प्रीत ट्रैक्टर, ड्यूक और मोंटी कार्लो जैसे स्थानीय उद्यम राज्य की सफलता की प्रेरक कहानियां बन कर उभरीं हैं।
उन्होंने निवेशकों को पंजाब में निवेश करने और युवाओं के लिए रोजगार सृजित करने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार कौशल शिक्षा और प्रशिक्षण को उद्योग की जरूरतों से जोड़ रही है, ताकि कुशल मानव संसाधन तैयार किया जा सके।
पंजाब को वैश्विक औद्योगिक केंद्र बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक बुनियादी ढांचा, बेहतर कनेक्टिविटी, प्रमुख शैक्षणिक संस्थान और उद्योग-हितैषी नीतियां मिलकर पंजाब को वैश्विक निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य बना रही हैं।
अंत में उन्होंने उद्योगपतियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार पंजाब को देश के प्रमुख औद्योगिक और निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ रैंकिंग में पंजाब के बेहतर प्रदर्शन और ‘इनवेस्ट पंजाब’ को भारत सरकार द्वारा शीर्ष निवेश प्रोत्साहन एजेंसियों में शामिल किए जाने का भी उल्लेख किया।