चित्रगुप्त पूजा पर CM सम्राट चौधरी ने दी प्रदेशवासियों को बधाई, बिहार की तरक्की और खुशहाली की कामना की

11 Nov, 2026
Head office
Share on :

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर पटना में अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर भगवान चित्रगुप्त जी महाराज की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश और देश की सुख-शांति, समृद्धि और विकास की कामना की। मुख्यमंत्री ने पूजा के साथ सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया और लोगों के बीच प्रसाद वितरित किया।

पटना के तीन स्थानों पर पहुंचे मुख्यमंत्री

चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सबसे पहले गर्दनीबाग स्थित ठाकुरबाड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान चित्रगुप्त जी महाराज के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे ठाकुरबाड़ी चित्रगुप्त पूजा समिति की ओर से आयोजित सामाजिक समरसता सहभोज कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों के बीच प्रसाद भी बांटा।इसके बाद सम्राट चौधरी कंकड़बाग के अशोकनगर स्थित प्रेम त्रिलोकी सामुदायिक भवन पहुंचे। यहां भी उन्होंने भगवान चित्रगुप्त की पूजा की। मुख्यमंत्री ने अनीसाबाद के साकेत विहार में आयोजित पूजा कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया।

प्रदेशवासियों को दीं चित्रगुप्त पूजा की शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बिहार सहित देशभर के लोगों को चित्रगुप्त पूजा की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राज्य में विकास, शांति और समृद्धि बनाए रखने की मंगल कामना की। पूजा समितियों की ओर से मुख्यमंत्री का स्वागत अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंटकर किया गया।

कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग रहे मौजूद

मुख्यमंत्री के इन कार्यक्रमों में सांसद रविशंकर प्रसाद, बिहार विधान परिषद के पूर्व सभापति अवधेश नारायण सिंह, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक संजय कुमार और विधान पार्षद संजय मयूख शामिल हुए। इसके अलावा बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष और गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी प्रबंध न्यास समिति के अध्यक्ष रणवीर नंदन सहित तीनों पूजा समितियों के सदस्य और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।