चार्ल्स तृतीय (King Charles-III) को शनिवार को ‘एक्सेशन काउंसिल’ के समारोह में ब्रिटेन का नया महाराज घोषित किया गया.
Britain New King: ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय (Queen Elizabeth-II) के निधन के बाद उनके बेटे चार्ल्स तृतीय (King Charles-III) को शनिवार को ‘एक्सेशन काउंसिल’ के समारोह में ब्रिटेन का नया महाराज घोषित किया गया. पुरानी परंपरा को तोड़ते हुए समारोह का पहली बार टेलीविजन पर प्रसारण किया गया. ये समारोह लंदन के सेंट जेम्स पैलेस में ताजपोशी की औपचारिक घोषणा करने और राजा के शपथ ग्रहण के लिए आयोजित किया गया.
लंदन में हुई किंग चार्ल्स-3 की ताजपोशी

लंदन के सेंट जेम्स पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में किंग चार्ल्स-3 की ताजपोशी से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की गईं। लंदन के सेंट जेम्स पैलेस में आयोजित कार्यक्रम का टेलीविजन पर सीधा प्रसारण किया गया। किंग चार्ल्स-3 की ताजपोशी के बाद अब ब्रिटेन में काफी कुछ बदल जाएया है। ब्रिटेन का राष्ट्रगान बदलेगा और इसके साथ ही अब प्रिंस ऑफ वेल्स भी बदल जाएगा। अब किंग चार्ल्स-3 राजनीतिक मामलों में अपनी कोई टिप्पणी नहीं कर पाएंगे।
73 वर्ष की उम्र में किंग बने चार्ल्स-3

प्रिंस चार्ल्स का पूरा नाम चार्ल्स फिलिप आर्थर जॉर्ज है, जो प्रिंस फिलिप और एलिजाबेथ द्वितीय के बड़े बेटे हैं। चार्ल्स का जन्म 14 नवंबर 1948, बकिंघम पैलेस में हुआ था। चार्ल्स ने 29 जुलाई, 1981 को लेडी डायना स्पेंसर से शादी की थी। दोनों के दो बेटे विलियम और हैरी हैं। 1996 में चार्ल्स और डायना दोनों अलग हो गए थे। 1997 में पेरिस में हुए एक कार हादसे में प्रिंसेस ऑफ वेल्स डायना की मौत हो गई। बाद में नौ अप्रैल, 2005 को चार्ल्स ने कैमिला पार्कर से शादी कर ली थी। चार्ल्स अभी 73 वर्ष के हैं। चार्ल्स के राजा बनने के बाद उनके बड़े बेटे ड्यूक ऑफ कैंब्रिज प्रिंस विलियम अब वेल्स के राजकुमार कहलाएंगे।
महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को श्रद्धांजलि अर्पित

ब्रिटेन के नए सम्राट चार्ल्स III ने इससे पहले शुक्रवार को अपने पहले संबोधन में मां एलिजाबेथ द्वितीय को याद किया और कसम खाई वे अपनी मां और महारानी द्वारा खाई कसम को जारी रखेंगे और आजीवन ब्रिटेन के लोगों के लिए काम करते रहेंगे। शुक्रवार को सम्राट ने अपनी मां महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा था, “… मेरी प्यारी मां जब आप मेरे प्रिय स्वर्गीय पिता से मिलने के लिए अपनी अंतिम महान यात्रा शुरू कर चुके हैं, मैं बस आपको धन्यवाद कहना चाहता हूं। हमारे परिवार और राष्ट्र के लोगों के प्रति आपके प्यार और समर्पण के लिए धन्यवाद, आपने इतने वर्षों तक इतनी लगन से सेवा की।”