सीएम योगी का आगरा दौरा अचानक रद्द, मथुरा में बैठक के बाद सीधे दिल्ली रवाना होंगे; यूपी की सियासत में हलचल तेज

17 Nov, 2026
Head office
Share on :

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंगलवार के कार्यक्रम में अचानक बदलाव किया गया है। उनका प्रस्तावित आगरा दौरा रद्द कर दिया गया है। अब मुख्यमंत्री मथुरा में भाजपा के दो दिवसीय चिंतन शिविर में शामिल होने के बाद सीधे दिल्ली रवाना होंगे। पहले उन्हें आगरा पहुंचकर फतेहाबाद के दिवंगत भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा के परिवार से मुलाकात करनी थी। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में हुए इस अचानक बदलाव के बाद यूपी के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। खास बात यह है कि मथुरा में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में संगठन और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मंथन चल रहा है। ऐसे में बैठक के बाद सीएम योगी का दिल्ली जाना भी चर्चा का विषय बन गया है।

क्या था CM योगी का आगरा दौरे का कार्यक्रम?

तय कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मथुरा के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो-अनुसंधान केंद्र में भाजपा की बैठक में शामिल होना था। इसके बाद उन्हें बरसाना पहुंचकर दिवंगत पद्मश्री रमेश बाबा को श्रद्धांजलि देनी थी। वहां से मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर के जरिए आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचते और शमशाबाद रोड स्थित दिवंगत भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा के आवास पर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात करते। हालांकि, कार्यक्रम में बदलाव के बाद आगरा जाने की योजना रद्द कर दी गई। छोटेलाल वर्मा आगरा की फतेहाबाद विधानसभा सीट से भाजपा विधायक थे। 24 सितंबर को बीमारी के चलते उनका निधन हो गया था। मुख्यमंत्री को उनके परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त करनी थी।

दिल्ली दौरे को लेकर क्यों बढ़ी चर्चा?

मथुरा में भाजपा के दो दिवसीय चिंतन शिविर के बाद मुख्यमंत्री का सीधे दिल्ली जाना राजनीतिक नजरिए से चर्चा में है। हालांकि, उनके दिल्ली दौरे के एजेंडे को लेकर सरकार या पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इस बीच भाजपा की संभावित प्रत्याशी सूची को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं चल रही हैं। कुछ समय पहले एक कथित सूची के आधार पर दावा किया गया था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 209 संभावित उम्मीदवारों के नाम पार्टी हाईकमान को भेजे हैं। हालांकि, इस सूची की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और इसे अंतिम प्रत्याशियों की सूची भी नहीं माना जा सकता।

मथुरा में 2027 चुनाव की तैयारियों पर मंथन

भाजपा की दो दिवसीय बैठक में आगामी 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर संगठन और सरकार की रणनीति पर चर्चा हो रही है। बैठक में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की जानकारी है। चर्चा के प्रमुख मुद्दों में विपक्ष के PDA नैरेटिव का जवाब, सामाजिक समीकरणों को मजबूत करना और सनातन से जुड़े मुद्दों को चुनावी एजेंडे में जगह देना शामिल है। इसके अलावा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है। कार्यकर्ताओं की समस्याओं और शिकायतों को सुनने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने पर भी विचार किया जा रहा है।

आगरा में प्रशासन ने शुरू कर दी थीं तैयारियां

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगरा दौरे को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी थीं। शमशाबाद रोड स्थित दिवंगत विधायक के आवास तक जाने वाले रास्ते पर मरम्मत, साफ-सफाई और अतिक्रमण हटाने का काम कराया जा रहा था। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां की गई थीं। लेकिन अंतिम समय में कार्यक्रम रद्द होने के बाद प्रशासन की इन तैयारियों पर विराम लग गया। फिलहाल मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे की वजह को लेकर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में अब सभी की निगाहें मथुरा की बैठक और दिल्ली में होने वाली संभावित राजनीतिक गतिविधियों पर टिकी हैं।