अयोध्या में दीपोत्सव को लेकर उत्साह और भक्ति का माहौल है। सरयू तट पर बसी रामनगरी इस भव्य आयोजन के लिए सजकर तैयार है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव में शामिल होने पहुंचे उपराष्ट्रपति, विदेशी राजनयिकों, साधु-संतों और देश-विदेश से आए रामभक्तों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वर्षों की प्रतीक्षा और करोड़ों सनातनियों की आस्था आज लाखों दीपों की स्वर्णिम रोशनी के रूप में दिखाई देगी।
अंधकार पर प्रकाश और सत्य की विजय का पर्व
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में कहा कि दीपोत्सव केवल रोशनी का उत्सव नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश और सत्य व धर्म की शाश्वत विजय का प्रतीक है। इस अवसर पर पूरी अवधपुरी उल्लास और भक्ति के रंग में रंगी हुई है। लाखों दीपों की रोशनी के बीच अयोध्या में विजय और आस्था का संदेश गूंजेगा।
विदेशी मेहमानों और रामभक्तों का किया अभिनंदन
सीएम योगी ने दीपोत्सव में शामिल होने आए उपराष्ट्रपति, मित्र देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों, राजनयिकों, विशिष्ट अतिथियों और साधु-संतों का प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि पर स्वागत किया। उन्होंने देश-विदेश से पहुंचे रामभक्तों का भी अभिनंदन किया।
एकता और समरसता का संदेश देगा दीपोत्सव
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपोत्सव समता, समरसता और सांस्कृतिक एकात्मता का संदेश देने वाला पर्व है। यह आयोजन ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी इस आयोजन को ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बनाएगी। योगी आदित्यनाथ ने लोगों से धर्म, मर्यादा और प्रकाश के इस महापर्व का साक्षी बनने की अपील की। उन्होंने अपने संदेश का समापन ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष के साथ किया।