उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पार्टी ने प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी कड़ी में सीएम योगी ने 209 संभावित उम्मीदवारों की सूची केंद्रीय नेतृत्व को दिल्ली भेजी है। बताया जा रहा है कि टीम योगी के फीडबैक, आंतरिक सर्वे और लंबे मंथन के बाद इन नामों को चुना गया है। उत्तर प्रदेश में विधानसभा की कुल 403 सीटें हैं। बहुमत के लिए किसी भी पार्टी को 202 सीटों की जरूरत होगी। ऐसे में 209 संभावित उम्मीदवारों की सूची सामने आने के बाद टिकट वितरण और चुनावी रणनीति को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
सर्वे और फीडबैक के आधार पर तैयार हुई सूची
जानकारी के मुताबिक, उम्मीदवारों के नाम तय करने से पहले अलग-अलग स्तर पर फीडबैक लिया गया। इसमें स्थानीय नेताओं की राय, संगठन की रिपोर्ट और आंतरिक सर्वे को आधार बनाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई सूची पर अब दिल्ली में चर्चा हो सकती है। पार्टी इस बार प्रत्याशियों के चयन में कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहती। पिछले लोकसभा और एमएलसी चुनावों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों की जीत की संभावना और क्षेत्र में उनकी पकड़ जैसे पहलुओं पर विचार किया जा रहा है।
403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी BJP की तैयारी
यूपी विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन भाजपा ने सभी सीटों पर अपनी रणनीति तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है। 209 नामों की सूची को इसी दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। हालांकि, ये संभावित उम्मीदवारों के नाम हैं और अंतिम टिकट पर फैसला केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी के बाद ही होगा।