उत्तराखंड फिल्म पुरस्कारों पर CM धामी की मुहर, नेगी और हेमंत पांडे को लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान

06 Nov, 2026
Head office
Share on :

उत्तराखंड में फिल्म जगत से जुड़े कलाकारों और फिल्म निर्माताओं के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के तहत वर्ष 2024 और 2025 के लिए चयनित फिल्मों और कलाकारों को पुरस्कार देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इन पुरस्कारों के जरिए प्रदेश के सिनेमा में योगदान देने वाले कलाकारों, निर्देशकों, निर्माताओं और तकनीकी विशेषज्ञों को सम्मानित किया जाएगा।

नरेंद्र सिंह नेगी और हेमंत पांडे को लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान

वर्ष 2024 के लिए प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए चुना गया है। वहीं, वर्ष 2025 के लिए अभिनेता हेमंत पांडे को इस सम्मान से नवाजा जाएगा। दोनों कलाकारों को दो-दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि के साथ प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।

‘घपरोल’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार

वर्ष 2024 की उत्तराखंडी बोली की फिल्मों में गढ़वाली फिल्म ‘घपरोल’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुना गया है। फिल्म के निर्माता अजय ढौंडियाल हैं। इसी फिल्म के लिए सिद्धार्थ शर्मा को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और पटकथा लेखक, जबकि विनय चानना को सर्वश्रेष्ठ सिनेमेटोग्राफर के पुरस्कार के लिए चुना गया है। इसके अलावा ‘कारा एक प्रथा’ के लिए रमेश रावत को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, शिवानी भंडारी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और अजय सिंह बिष्ट को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार मिलेगा। जौनसारी फिल्म ‘मेरे गांव की बाट’ के लिए मधुबाला को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री और अजब सिंह को सर्वश्रेष्ठ गायक के पुरस्कार के लिए चुना गया है।

‘केसरी चैप्टर-2’ को कई श्रेणियों में सम्मान

वर्ष 2025 की हिंदी फिल्मों की श्रेणी में ‘मनु क्या करेगा’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके निर्माता शरद मेहरा हैं। वहीं, ‘केसरी चैप्टर-2’ ने कई प्रमुख श्रेणियों में जगह बनाई है। फिल्म के लिए करण सिंह त्यागी को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और पटकथा लेखक, अक्षय कुमार को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, अनन्या पांडे को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री, आर. माधवन को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता और जुबिन नौटियाल को सर्वश्रेष्ठ गायक के पुरस्कार के लिए चुना गया है। पटकथा लेखन में करण सिंह त्यागी के साथ अमृत पाल का नाम भी शामिल है।

गढ़वाली फिल्मों ‘रैबार’ और ‘द्वि होला जब साथ’ को सम्मान

वर्ष 2025 की उत्तराखंडी बोली की फिल्मों में गढ़वाली फिल्म ‘रैबार’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिलेगा। इसके लिए भगत सिंह सैनी को निर्माता और पटकथा लेखक, सुशील उनियाल को निर्देशक, राजेश नौगाई को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता और धर्मेंद्र सिंह सिसोदिया को सर्वश्रेष्ठ सिनेमेटोग्राफर की श्रेणी में चुना गया है। इसके अलावा गढ़वाली फिल्म ‘द्वि होला जब साथ’ के लिए मनीष डिमरी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, कल्याणी गंगोला को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और विकास भारद्वाज को सर्वश्रेष्ठ गायक के पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।

स्थानीय कलाकारों को मिलेगा प्रोत्साहन

राज्य सरकार का कहना है कि उत्तराखंड में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने और स्थानीय कलाकारों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य प्रदेश की लोकसंस्कृति, भाषा, परंपराओं और प्राकृतिक सुंदरता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुताबिक, उत्तराखंड की अपनी अलग सांस्कृतिक पहचान है। क्षेत्रीय फिल्मों और कलाकारों को प्रोत्साहन मिलने से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। सरकार को उम्मीद है कि इन पुरस्कारों से प्रदेश के फिल्म उद्योग को नई पहचान और मजबूती मिलेगी।