गुजरात के अहमदाबाद स्थित दुनिया के सबसे बड़े नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शनिवार रात पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ का दर्द छलक उठा। अपने ‘ओरा टूर’ के दौरान उन्होंने गानों पर लगाई गई पाबंदियों को लेकर सरकारों और प्रशासन पर सवाल उठाए। दिलजीत ने विदेशी और भारतीय कलाकारों के साथ अलग-अलग व्यवहार किए जाने का आरोप लगाते हुए पूछा कि उनके साथ ही दोहरा रवैया क्यों अपनाया जा रहा है? दिलजीत ने कोल्डप्ले का उदाहरण देते हुए कहा कि जब विदेशी बैंड भारत आकर ‘आई एम फीलिंग ड्रंक एंड हाई’ जैसे गाने गाता है, तब किसी को परेशानी नहीं होती। लेकिन उनके गाने ‘पटियाला पैग’ पर रोक लगा दी जाती है। उन्होंने कहा कि वह भारत में पैदा हुए हैं और उनकी पूरी म्यूजिक टीम भी भारतीय है, फिर उनके गानों को लेकर इतनी पाबंदियां क्यों लगाई जा रही हैं?
बता दें कि अहमदाबाद कॉन्सर्ट से पहले प्रशासन ने दिलजीत को ‘पंज तारा होटल’, ‘केस’ और ‘पटियाला पैग’ जैसे गाने नहीं गाने के निर्देश दिए थे। प्रशासन की आपत्ति इन गानों में नशे और अपराध को बढ़ावा देने वाले कथित संदर्भों को लेकर थी।
‘जितनी पाबंदियां लगानी हैं लगा लो, कोई दिक्कत नहीं’
कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने कहा कि उन्हें शो से पहले ही बता दिया गया था कि कौन से गाने गाने हैं और कौन से नहीं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब वह भारत में पैदा हुए हैं और उनकी टीम के सभी सदस्य भी भारतीय हैं, तो उनके साथ अलग व्यवहार क्यों किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि उनकी पूरी टीम उनके साथ दुनिया भर में घूमती है। इसके बावजूद पाबंदियां सिर्फ उन्हीं पर लगाई जा रही हैं। दिलजीत ने तंज कसते हुए कहा कि जितनी पाबंदियां लगानी हैं लगा लो, उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है।
पाबंदियां लगाने वालों से भी बोले- मेरी तरफ से I Love You
दिलजीत ने अपने अंदाज में प्रशासन और पाबंदियां लगाने वालों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी से कोई शिकायत नहीं है और वह अपने शो का पूरा आनंद ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जो लोग उन पर पाबंदियां लगा रहे हैं, उनकी तरफ से उन्हें भी ‘आई लव यू’ है। उनके इस बयान पर कॉन्सर्ट में मौजूद दर्शकों ने भी प्रतिक्रिया दी।
दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में परफॉर्म करना बताया गर्व की बात
विवाद के बीच दिलजीत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में परफॉर्म करने को अपने लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने फैंस का आभार जताते हुए कहा कि इस स्टेडियम में परफॉर्म करना उनका लंबे समय से देखा गया सपना था। दिलजीत ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में प्रस्तुति देना उनके लिए गर्व की बात है और दर्शकों ने उनके इस सपने को सच कर दिखाया है।