नई दिल्ली : बेस्ट क्योर फाउंडेशन और किटसॉल्ट एनर्जी द्वारा ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा और जीवनशैली समाधान विषय पर प्रेस क्लब में एक विशेष प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष एवं संस्थापक डॉ. कृष्णन सुथंथिरन ने ऊर्जा, पर्यावरण, स्वास्थ्य सेवा और बेहतर जीवनशैली से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार साझा किए।
उन्होंने कहा कि देश की ऊर्जा, पर्यावरण और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के समाधान के लिए व्यापक एवं दीर्घकालिक योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने लोगों को शाकाहारी भोजन को अधिक अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि इससे जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव संभव है।
डॉ. कृष्णन सुथंथिरन ने बताया कि किटसॉल्ट एनर्जी का “वेस्ट कोस्ट एनर्जी / कमोडिटी कॉरिडोर प्रोजेक्ट” कनाडा की आधुनिक ऊर्जा परियोजनाओं में से एक है, जिस पर वर्ष 2013 से कार्य किया जा रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य कनाडाई क्रूड ऑयल, नेचुरल गैस लिक्विड्स (NGL), पोटाश और अन्य संसाधनों का यूरोप एवं एशियाई देशों तक सीधा निर्यात बढ़ाना है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक परिस्थितियों के कारण यह परियोजना अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ सकी।
उन्होंने बताया कि मार्च 2026 तक प्रस्तावित इस परियोजना के अंतर्गत नॉर्थईस्टर्न ब्रिटिश कोलंबिया से ऑब्जर्वेटरी इनलेट तक लगभग 700–750 किलोमीटर लंबा ड्यूल पाइपलाइन “एनर्जी कॉरिडोर” विकसित करने की योजना है, जिसकी अनुमानित लागत 40 बिलियन डॉलर से अधिक है। इस परियोजना के माध्यम से क्रूड ऑयल और नेचुरल गैस लिक्विड्स के निर्यात को बढ़ावा देने के साथ एशियन-पैसिफिक बाजारों तक पहुंच बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए प्रांतीय एवं फेडरल सरकारों से सहयोग मांगा जा रहा है। साथ ही भारतीय सरकार के समक्ष भी वर्ष 2013–2026 के दौरान ऊर्जा एवं पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान से जुड़े विभिन्न प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए हैं, जिनमें कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित किटसॉल्ट पोर्ट एवं टर्मिनल परियोजना प्रमुख है।
कार्यक्रम में ग्लोबल बेस्ट क्योर फाउंडेशन इंडिया द्वारा संचालित “बेस्ट क्योर प्रो हेल्थ एंड मेडिकल सेंटर्स” की जानकारी भी दी गई, जो कैंसर, हृदय रोग और मधुमेह जैसी बीमारियों के निदान एवं उपचार पर केंद्रित हैं।
प्रेस वार्ता में विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों, नीति-निर्माताओं और अन्य हितधारकों को सतत ऊर्जा विकास, उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं और निवारक जीवनशैली रणनीतियों से जुड़े समग्र दृष्टिकोणों की जानकारी दी गई। आयोजकों ने बताया कि आने वाले समय में इस विषय पर और भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस आयोजित करने की योजना है।