उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए शुक्रवार का दिन खास होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज यानी 27 नवंबर को लखनऊ में 1,594 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इस कार्यक्रम के तहत चयनित युवाओं को सरकारी सेवा में काम करने का मौका मिलेगा। नियुक्ति पत्र वितरण समारोह गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित किया जाएगा। इस भर्ती के जरिए वित्त विभाग को नए कर्मचारी मिलेंगे। चयनित अभ्यर्थियों में 201 लेखा परीक्षक (ऑडिटर) और 1,393 सहायक लेखाकार (असिस्टेंट अकाउंटेंट) शामिल हैं। कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे।
पारदर्शी प्रक्रिया से हुआ अभ्यर्थियों का चयन
इन सभी पदों पर भर्ती की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को दी गई थी। आयोग ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से अभ्यर्थियों का चयन किया है। अब चयनित उम्मीदवारों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
वित्त विभाग में मिलेगी तैनाती
नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सभी अभ्यर्थियों की तैनाती उत्तर प्रदेश वित्त विभाग के आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय के अंतर्गत की जाएगी। ऑडिटर और असिस्टेंट अकाउंटेंट के पदों पर नियुक्ति से विभाग के कामकाज को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इस नियुक्ति कार्यक्रम के जरिए प्रदेश के 1,594 चयनित युवाओं के सरकारी नौकरी पाने का इंतजार खत्म होगा। वहीं, नियुक्ति पत्र मिलने के बाद सभी अभ्यर्थी अपनी नई जिम्मेदारियों के साथ सरकारी सेवा की शुरुआत करेंगे।