संविधान दिवस पर गणेश जोशी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- भाजपा ने बाबा साहब को दिया सम्मान, कांग्रेस ने किया तिरस्कार

26 Nov, 2026
Head office
Share on :

मसूरी में संविधान दिवस के अवसर पर दलित साहित्य अकादमी की ओर से मसूरी के अंबेडकर चौक पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने बाबा साहब अमर रहें के नारे लगाते हुए संविधान निर्माता के योगदान को याद किया। कार्यक्रम में संविधान की महत्ता, सामाजिक समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों पर चर्चा के साथ राजनीतिक माहौल भी गरमाया रहा। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को सम्मान देने का काम किया है, जबकि देश में लंबे समय तक शासन करने वाली कांग्रेस ने उनके साथ हमेशा तिरस्कारपूर्ण व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश बाबा साहब द्वारा बनाए गए संविधान के अनुरूप संचालित हो रहा है और संविधान देश के लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। गणेश जोशी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता हाथ में संविधान की पुस्तक लेकर घूमते हैं और प्रधानमंत्री की कुर्सी का सपना देख रहे हैं, लेकिन उन्हें पहले देश की जनता और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद करने की बात करते हैं, लेकिन भाजपा के किसी छोटे से कार्यकर्ता के सवालों का भी जवाब नहीं दे पाएंगे। कैबिनेट मंत्री ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव उत्तराखण्ड के लोगों को घुसपैठिया बताते हैं, जबकि उनकी पत्नी स्वयं उत्तराखण्ड से हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर कांग्रेस की चुप्पी को भी सवालों के घेरे में रखते हुए कहा कि इससे कांग्रेस की राजनीतिक सोच स्पष्ट होती है।

गणेश जोशी ने कांग्रेस की ओर से भारत को बांग्लादेश और नेपाल की तर्ज पर बनाने संबंधी दिए जा रहे बयानों पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि देश का संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत है तथा भारत की पहचान उसकी एकता, अखंडता और संवैधानिक मूल्यों से है। कार्यक्रम के दौरान बाबा साहब के सामाजिक न्याय, समानता, शिक्षा और अधिकारों के लिए किए गए संघर्ष को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि संविधान दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक को उसके अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाने का अवसर है। बाबा साहब के विचार आज भी समाज को समानता और सामाजिक समरसता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।