गोरखपुर। उत्तर प्रदेश को शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गोरखपुर के कैंपियरगंज में प्रदेश की पहली फॉरेस्ट्री और हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी की नींव रखेंगे। इस यूनिवर्सिटी के निर्माण पर करीब 491 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसे फॉरेस्ट्री, बागवानी और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में शिक्षा और रिसर्च को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
50 हेक्टेयर जमीन पर बनेगी यूनिवर्सिटी
प्रस्तावित यूनिवर्सिटी का निर्माण करीब 50 हेक्टेयर जमीन पर किया जाएगा। यहां फॉरेस्ट्री, हॉर्टिकल्चर, वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन और एग्रोफॉरेस्ट्री जैसे विषयों की पढ़ाई होगी। संस्थान में ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, पीएचडी और डिप्लोमा स्तर के कोर्स शुरू करने की योजना है।

इससे छात्रों को पर्यावरण और वन प्रबंधन से जुड़े विषयों में उच्च शिक्षा और रिसर्च के नए अवसर मिल सकेंगे।
गोरखपुर में हो जाएंगी पांच यूनिवर्सिटी
नई यूनिवर्सिटी बनने के बाद गोरखपुर में विश्वविद्यालयों की संख्या बढ़कर पांच हो जाएगी। जिले में पहले से दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय और महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय संचालित हैं। नई यूनिवर्सिटी के जरिए फॉरेस्ट्री और हॉर्टिकल्चर जैसे विशेष क्षेत्रों में पढ़ाई का अलग केंद्र तैयार होगा।
621 करोड़ के 16 प्रोजेक्ट्स की रखी जाएगी नींव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे के दौरान गोरखपुर को कई अन्य विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे। कार्यक्रम के तहत करीब 621 करोड़ रुपये की लागत वाले 16 प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास किया जाएगा। वहीं, लगभग 171 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 39 परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा।
छात्रों को रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद
इस यूनिवर्सिटी से पढ़ाई पूरी करने वाले छात्रों के लिए वन विभाग और पर्यावरण से जुड़े क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश स्टेट फॉरेस्ट सर्विस और रीजनल फॉरेस्ट ऑफिसर के पदों पर भर्ती में यूनिवर्सिटी के ग्रेजुएट्स को हॉरिजॉन्टल रिजर्वेशन देने का प्रस्ताव भी रखा गया है। कुल मिलाकर, गोरखपुर में बनने जा रही यह यूनिवर्सिटी उच्च शिक्षा के साथ वन संरक्षण, बागवानी और पर्यावरण से जुड़े क्षेत्रों में नई संभावनाएं खोल सकती है।