उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में मां और उसकी दो बेटियों की जान चली गई। परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे, तभी अचानक किचन में आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शॉर्ट सर्किट के बाद गैस सिलेंडर में धमाका हुआ और देखते ही देखते आग पूरे मकान में फैल गई। धमाके के कारण कमरे की छत भी गिर गई, जिससे मां और दोनों बेटियां अंदर ही फंस गईं।
हादसे के समय महिला का पति और दो बेटे दूसरे कमरे में सो रहे थे। धमाके और चीख-पुकार की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली। उन्होंने आग बुझाकर मां-बेटियों को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे अंदर नहीं जा सके। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे से तीनों के शव बाहर निकाले गए। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। यह हादसा जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर बाबरी थाना क्षेत्र के कैड़ी गांव में हुआ। मृतकों की पहचान शाहिदा (32), उनकी बेटियों अदन (13) और माहिरा (11) के रूप में हुई है।
आधी रात को हुआ धमाका, कुछ ही देर में आग ने पूरे घर को घेरा
जानकारी के मुताबिक, कैड़ी गांव के रहने वाले साजिद (35) अपनी पत्नी शाहिदा और चार बच्चों के साथ रहते थे। परिवार का मोतियों की माला बनाने का काम था और घर से ही कारोबार चलता था। मकान में दो कमरे, एक किचन और एक हॉल था। हादसे वाली रात शाहिदा अपनी दोनों बेटियों के साथ किचन से लगे कमरे में सो रही थीं। वहीं, साजिद अपने दोनों बेटों रेहान (9) और अशरफ (4) के साथ दूसरे कमरे में थे। बुधवार रात करीब 12 बजे किचन में अचानक आग लग गई। शुरुआती जानकारी में शॉर्ट सर्किट को इसकी वजह बताया गया है। इसके बाद सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ और आग तेजी से दूसरे कमरे तक पहुंच गई। कुछ ही देर में मकान में अफरा-तफरी मच गई।
पति और बेटों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन गिर गई मकान की छत
धमाके की आवाज सुनकर साजिद और उनके दोनों बेटे जाग गए। मां-बेटियों की चीखें सुनकर वे तुरंत उनकी मदद के लिए पहुंचे। आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए और आग बुझाने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान धमाके और आग की वजह से किचन के पास बने कमरे की छत भरभराकर गिर गई। मकान में धुआं और आग फैलने के कारण शाहिदा और उनकी बेटियों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया। कुछ ही समय में पूरा घर आग की चपेट में आ गया। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। बचाव दल ने मलबा हटाकर तलाश शुरू की। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शाहिदा और उनकी दोनों बेटियों के शव बाहर निकाले जा सके। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
धूल और धुएं के बीच मोबाइल टॉर्च से चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह के मुताबिक, सिलेंडर ब्लास्ट के बाद मकान का मलबा आसपास फैल गया था। ईंट, मिट्टी और धुएं की वजह से बचाव दल को अंदर तलाश करने में काफी परेशानी हुई। ऐसे में मोबाइल की टॉर्च की मदद से मलबे के बीच लोगों को तलाशना पड़ा। उन्होंने बताया कि मकान की छत कच्ची थी। इसमें बांस और बल्लियों का इस्तेमाल किया गया था। आग लगने के बाद ये तेजी से इसकी चपेट में आ गए और छत ढह गई। इसी वजह से बचाव अभियान में भी दिक्कत आई।
200 महिलाओं के रोजगार पर भी पड़ा असर
इस हादसे का असर सिर्फ परिवार तक सीमित नहीं रहा। शाहिदा घर से ही मोतियों की माला बनाने का काम करवाती थीं। पड़ोसियों के मुताबिक, करीब 200 महिलाएं उनसे माल लेकर जाती थीं और माला तैयार करके वापस देती थीं। इससे कई महिलाओं को रोजगार मिलता था। हादसे में घर में रखा करीब ढाई से तीन लाख रुपये का कच्चा माल भी जलकर राख हो गया। इससे इस काम से जुड़ी महिलाओं के सामने भी रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।