मथुरा में BJP का बड़ा सियासी मंथन, यूपी में तीसरी बार सरकार बनाने के लिए तैयार की गई रणनीति!

17 Nov, 2026
Head office
Share on :

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में मथुरा में आयोजित भाजपा उत्तर प्रदेश की संगठनात्मक बैठक के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की भूमिका बढ़ाने और चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में पार्टी ने तीन प्रमुख मुद्दों को केंद्र में रखकर चुनावी मैदान में उतरने की योजना बनाई है। इनमें विकास, कानून व्यवस्था और सुरक्षा के साथ सांस्कृतिक पहचान एवं राष्ट्रवाद शामिल हैं। इसके अलावा श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा भी पार्टी के राजनीतिक और वैचारिक एजेंडे में अहम स्थान रख सकता है।

बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर

बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि चुनाव में संगठन की सबसे बड़ी ताकत कार्यकर्ता हैं। पार्टी की योजना है कि बूथ स्तर पर युवाओं की भागीदारी बढ़ाई जाए और कार्यकर्ताओं को चुनावी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका दी जाए। इसके लिए बूथ-बूथ तक पार्टी का संदेश पहुंचाने की रणनीति बनाई गई है। बैठक में ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ के नारे के जरिए कार्यकर्ताओं और मतदाताओं तक पहुंच बनाने की बात भी सामने आई।

कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करना बड़ी चुनौती

बैठक में कुछ नेताओं ने कार्यकर्ताओं की नाराजगी का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि अगर समय रहते कार्यकर्ताओं की शिकायतों और नाराजगी को दूर नहीं किया गया, तो चुनाव के दौरान संगठन को परेशानी हो सकती है। इस पर पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने संगठन के प्रमुख मुद्दों और अधूरे लक्ष्यों पर चर्चा की। उन्होंने राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण को पार्टी के प्रमुख मुद्दों में से एक बताया, जिसके पूरा होने का जिक्र भी बैठक में हुआ।

सरकार के काम और विपक्ष के कार्यकाल पर रहेगा फोकस

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक में कहा कि सरकार ने समाज के हर वर्ग के लिए काम किया है। उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं से योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचने और सरकार के कामकाज की जानकारी जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव की पिछली सरकार के कार्यकाल को लेकर जनता के बीच अपनी बात रखने की रणनीति पर भी चर्चा की। पार्टी की कोशिश है कि जनता के सामने पिछली सरकार के कानून-व्यवस्था के रिकॉर्ड और मौजूदा सरकार के कामकाज की तुलना रखी जाए। कुल मिलाकर, मथुरा की इस बैठक में BJP ने आगामी यूपी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन, विकास, कानून व्यवस्था और सांस्कृतिक मुद्दों को लेकर अपनी प्राथमिकताएं सामने रखी हैं। अब देखना होगा कि इन रणनीतियों को जमीन पर उतारने के लिए पार्टी किस तरह काम करती है।