उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 26 जनवरी तक नियुक्ति पत्र वितरण का सिलसिला लगातार जारी रहेगा। हर महीने औसतन हर पांचवें दिन एक बड़ा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य इस अवधि तक एक लाख और युवाओं को सरकारी नौकरी देने का है।
1,146 कनिष्ठ सहायकों को मिले नियुक्ति पत्र
बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से राजस्व विभाग में चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 किसान परिवारों के खातों में 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी ऑनलाइन ट्रांसफर की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाया गया है। सरकार की मंशा है कि युवाओं को उनकी योग्यता और मेहनत के आधार पर अपने ही राज्य में रोजगार के अवसर मिलें।
अब तक 9.5 लाख युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रदेश में अब तक करीब 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य 26 जनवरी तक एक लाख और युवाओं को नियुक्ति देना है। उन्होंने कहा कि पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और अन्य विभागों में भर्ती प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ रही है। उत्तर प्रदेश पुलिस में अब तक 2.30 लाख से अधिक नियुक्तियां की जा चुकी हैं। वहीं, 32 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और सत्यापन का काम जारी है।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता पर दिया जोर
सीएम योगी ने कहा कि पहले प्रदेश में सरकारी भर्तियों के दौरान सिफारिश, भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद की शिकायतें सामने आती थीं। परीक्षा देने वाले योग्य अभ्यर्थियों के बजाय दूसरे लोगों को नौकरी मिल जाती थी। इससे युवाओं का भरोसा भर्ती व्यवस्था से उठने लगा था। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से अपील की कि वे प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अपने कार्यस्थल पर पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारी निभाएं। आम नागरिकों के प्रति अच्छा व्यवहार और सत्यनिष्ठा उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए।
किसान परिवारों को 215 करोड़ रुपये की सहायता
नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 किसान परिवारों को 215 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भी दी। सीएम ने बताया कि इस योजना का दायरा बढ़ाकर खेतिहर मजदूरों और बटाईदार किसानों के परिवारों को भी शामिल किया गया है। अब तक 1,40,196 किसान परिवारों को योजना का लाभ मिल चुका है। विभिन्न जिलों में कुल 5,833 करोड़ 50 लाख रुपये की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के साथ किसानों और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा के लिए भी लगातार काम कर रही है।