मध्य प्रदेश ने एक बार फिर स्वच्छता के मामले में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के नतीजों में प्रदेश के कई शहरों ने अलग-अलग श्रेणियों में शानदार प्रदर्शन किया है। इंदौर और देपालपुर की जोड़ी ने देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है। वहीं, बड़े शहरों की श्रेणी में जबलपुर भी दूसरे नंबर पर रहा। इसके अलावा देवास और रीवा ने अपनी-अपनी श्रेणियों में पहला स्थान हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विजेता शहरों को राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार प्रदान किए। इस बार की रैंकिंग में मध्य प्रदेश के कई शहरों का नाम शामिल होना प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
इंदौर-देपालपुर की जोड़ी ने हासिल किया दूसरा स्थान
स्वच्छता के क्षेत्र में इंदौर का मॉडल अब दूसरे शहरों के लिए भी मिसाल बन रहा है। स्वच्छ शहर जोड़ी पहल के तहत इंदौर और देपालपुर ने मिलकर सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए काम किया। इंदौर के अनुभव और मार्गदर्शन से देपालपुर में कचरा प्रबंधन, नियमित सफाई और नागरिकों की भागीदारी को बढ़ावा दिया गया। दोनों शहरों के साझा प्रयासों का ही नतीजा रहा कि इस जोड़ी को राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान मिला।
जबलपुर भी स्वच्छता में देशभर में दूसरे नंबर पर
मध्य प्रदेश के जबलपुर ने भी इस सर्वेक्षण में शानदार प्रदर्शन किया है। 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में जबलपुर को देश का दूसरा सबसे स्वच्छ शहर चुना गया। इस उपलब्धि के साथ शहर ने अपनी सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।
देवास ने लगातार दूसरी बार हासिल किया पहला स्थान
देवास के लिए भी यह सर्वेक्षण खास रहा। 50 हजार से 3 लाख तक की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देवास ने देश में पहला स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि शहर को लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान मिला है। सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण और उसके बेहतर प्रबंधन के लिए किए गए प्रयासों ने देवास को यह उपलब्धि दिलाई।
रीवा और बुधनी ने भी बढ़ाया प्रदेश का मान
स्वच्छ सर्वेक्षण में रीवा ने भी बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। शहर को स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में देशभर में पहला स्थान मिला है। वहीं, मध्य प्रदेश के सागर को भी राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है। इसके अलावा 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में सीहोर जिले के बुधनी ने तीसरा स्थान हासिल किया है। इस तरह स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में मध्य प्रदेश के कई शहरों ने अलग-अलग श्रेणियों में अपनी जगह बनाई है। इंदौर, देपालपुर, जबलपुर, देवास, रीवा और बुधनी की उपलब्धियां प्रदेश के स्वच्छता अभियान के लिए अहम मानी जा रही हैं।