पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 2030 में होने वाले हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी को लेकर बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब अंतरराष्ट्रीय हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। मोहाली में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के सफल आयोजन के बाद उन्होंने यह बात कही। हालांकि, पंजाब की मेजबानी को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
भारत ने जापान को हराकर जीता खिताब
मोहाली के बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला खेला गया। इसमें भारतीय टीम ने जापान को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने भारतीय टीम को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को गोल्ड मेडल भी प्रदान किए। वहीं, भारतीय हॉकी खिलाड़ी हार्दिक सिंह को 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने पर विशेष जर्सी देकर सम्मानित किया गया।
हॉकी के लिए 1,744 करोड़ रुपये का बजट
मुख्यमंत्री ने पंजाब की हॉकी विरासत का जिक्र करते हुए बताया कि राज्य से अब तक 77 हॉकी ओलंपियन निकले हैं और 48 खिलाड़ियों ने ओलंपिक पदक जीते हैं। खेलों को बढ़ावा देने के लिए राज्य में छह नए हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान बनाए गए हैं, जबकि दो अन्य मैदानों का निर्माण जारी है। इसके अलावा 18 सिक्स-ए-साइड एस्ट्रोटर्फ मैदान भी तैयार किए गए हैं।
सरकार ने 2023 में नई खेल नीति लागू की थी और खेलों के विकास के लिए 1,744 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है।
युवाओं और खेल पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
CM भगवंत मान ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों से युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। इसके साथ ही राज्य में खेल पर्यटन, होटल कारोबार और खेल उपकरण उद्योग को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। अब पंजाब की नजर 2030 के हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी हासिल करने पर है।