देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के डिफेंस कॉलोनी पहुंचकर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के बड़े भाई स्वर्गीय बृजमोहन सिंह रावत को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने दिवंगत की पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। उन्होंने परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और हिम्मत बनाए रखने का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
इस दुःखद घड़ी में मुख्यमंत्री की उपस्थिति और संवेदना ने शोकाकुल परिजनों के प्रति उनके मानवीय भाव को व्यक्त किया। स्वर्गीय बृजमोहन सिंह रावत के निधन से परिवार और उनके परिचितों में शोक का माहौल है।