महादेव सट्टा एप केस में सौरभ चंद्राकर से खुलेगा राज? 8 दिन की CBI रिमांड, दिल्ली मुख्यालय में होगी पूछताछ

04 Nov, 2026
Head office
Share on :

महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर के भारत पहुंचने के बाद जांच का दायरा बढ़ गया है। ओमान से प्रत्यर्पित कर लाए गए चंद्राकर को बुधवार को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया। अदालत ने पूछताछ के लिए CBI को उसकी 8 दिन की पुलिस रिमांड दे दी है। अब जांच एजेंसी उससे कथित सट्टा नेटवर्क, एप के संचालन और करोड़ों रुपये के वित्तीय लेन-देन से जुड़े सवाल करेगी। माना जा रहा है कि पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की भूमिका को लेकर भी जानकारी जुटाई जाएगी।

10 दिन की रिमांड मांगी, अदालत ने दी 8 दिन की अनुमति

CBI ने अदालत से सौरभ चंद्राकर की 10 दिन की पुलिस रिमांड मांगी थी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश मनोज कुमार सिंह ठाकुर की अदालत ने 8 दिन की रिमांड मंजूर की। तय प्रक्रिया के अनुसार, अब सौरभ चंद्राकर को 12 नवंबर को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा। इस दौरान CBI उससे मामले से जुड़े अहम पहलुओं पर पूछताछ करेगी।

सुरक्षा के चलते दिल्ली में होगी पूछताछ

अदालत ने CBI को सौरभ चंद्राकर को पूछताछ के लिए दिल्ली ले जाने की अनुमति भी दी है। सुरक्षा कारणों को देखते हुए उससे रायपुर के बजाय दिल्ली स्थित CBI मुख्यालय में पूछताछ की जाएगी। पूछताछ की पूरी प्रक्रिया CCTV कैमरों की निगरानी में होगी। इसके अलावा अदालत ने शाम के समय आरोपी को अपने वकील से मुलाकात करने की अनुमति भी दी है।

ED भी कस्टडी लेने की तैयारी में

इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय यानी ED की कार्रवाई भी महत्वपूर्ण हो सकती है। ED ने सौरभ चंद्राकर की कस्टडी हासिल करने के लिए अदालत में आवेदन दिया है। ऐसे में CBI की पूछताछ पूरी होने के बाद ED भी उससे पूछताछ कर सकती है। दोनों केंद्रीय एजेंसियां कथित सट्टा कारोबार और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही हैं।

CM विष्णुदेव साय ने CBI का जताया आभार

सौरभ चंद्राकर को भारत लाए जाने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने CBI और केंद्रीय एजेंसियों को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि विदेश में मौजूद महादेव सट्टा एप का मुख्य आरोपी अब देश में है और CBI उससे पूछताछ करेगी। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि जांच के बाद मामले में शामिल सभी दोषियों की भूमिका सामने आएगी और उन्हें सजा मिलेगी।