लखनऊ के गोमतीनगर में एसबीआई ऑफिसर मानस बाजपेई ने अपनी पत्नी और बहन की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। घटना की वजह अभी जांच के अधीन है।
लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में गुरुवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई। SBI के फील्ड ऑफिसर मानस बाजपेई ने अपनी पत्नी और बैंक अफसर दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी बहन सीबा को भी गोली मार दी और फिर खुद को गोली मारकर जान दे दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वारदात की वजह फिलहाल पुलिस की जांच का विषय है।
बैंक के बाहर पत्नी को मारी गोली
जानकारी के मुताबिक, मानस कार से गोमतीनगर स्थित ICICI बैंक पहुंचा। उसने फोन कर अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा को बैंक से बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई, जिसके बाद मानस ने दिव्या को गोली मार दी और वहां से फरार हो गया। गोली की आवाज सुनकर बैंक कर्मचारी और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। दिव्या खून से लथपथ मिलीं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा ने दी जानकारी
दिव्या की बहन और यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घटना की जानकारी साझा की। प्रज्ञा ने बताया कि उन्हें फोन पर बहन को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “अभी-अभी फोन आया, गोमतीनगर में मेरी बहन को गोली मार दी गई है… लोहिया में है, ईश्वर मेरी बहन की रक्षा करे।” प्रज्ञा ने अपनी पोस्ट में यूपी पुलिस, लखनऊ पुलिस और उत्तर प्रदेश के डीजीपी को भी टैग किया था। इस पोस्ट के सामने आने के बाद घटना की जानकारी तेजी से लोगों तक पहुंची।
तेज आवाज में हनुमान चालीसा
पड़ोसियों के मुताबिक, कमरे में टीवी पर तेज आवाज में हनुमान चालीसा चल रही थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस फिलहाल वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
WhatsApp स्टेटस में लगाए आरोप
पुलिस जांच में मानस के कथित WhatsApp स्टेटस की बात भी सामने आई है। इसमें उसने पत्नी की हत्या के पीछे कथित तौर पर धोखे को वजह बताया था। उसने अपनी पत्नी की बहन प्रज्ञा मिश्रा और उनके पति भरत यादव का भी जिक्र किया था। हालांकि, पुलिस इस स्टेटस और उसमें किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है। हत्या की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
एक साल पहले तलाक की अर्जी दी थी
जानकारी के मुताबिक, दिव्या मिश्रा 33 साल की थीं और ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर थीं। उनकी शादी करीब 12 साल पहले मानस बाजपेई से हुई थी। दोनों के कोई बच्चे नहीं थे। बताया जा रहा है कि दिव्या ने करीब एक साल पहले पति से तलाक के लिए कोर्ट में अपील दायर की थी। इसके बाद वह लखनऊ के आलमबाग इलाके में अलग रह रही थीं। मानस बाजपेई करीब 35 साल का था और SBI की इंजीनियरिंग कॉलेज ब्रांच में फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्यरत था। वह अपनी बहन सीबा के साथ हुसड़िया चौराहे के पास किराए के मकान में रहता था।