मसूरी और आसपास के क्षेत्र में बारिश का कहर, मसूरी-कैंपटी मार्ग कई जगह टूटा, यमुनोत्री यात्रियों को विकासनगर से जाने की सलाह
जीवन आश्रम से मसूरी बैंड के बीच सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि एनएच-707ए के गस्ती बैंड के पास वैकल्पिक मार्ग पर भी जगह-जगह मलबा और बोल्डर आने से यातायात बाधित हो गया।
रातभर लोक निर्माण विभाग की टीमें जेसीबी मशीनों से मलबा हटाने में जुटी रहीं, लेकिन लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण मार्ग तत्काल नहीं खोला जा सका।
बारिश थमने के बाद राहत कार्य तेज किया गया और सड़क को यातायात के लिए खोलने के प्रयास जारी रहे। टिहरी पुलिस ने मार्ग को फिलहाल असुरक्षित बताते हुए चारधाम यात्रा पर यमुनोत्री जाने वाले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों से विकासनगर मार्ग का उपयोग करने की अपील की है।
वहीं कैंपटी थाना प्रभारी योगेंद्र गुसाईं ने वाहन चालकों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने को कहा है।
लगातार बारिश से मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर मशीनें तैनात कर दी हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।