बंगाल पुलिस ने दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 12 साल की लड़की के रेप और हत्या के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान आनंद सरदार के तौर पर हुई। पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर उसे बाजार इलाके से पकड़ा।
सिर पर चोट के निशान
इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या 3 हो गई है। मामले की जांच के लिए 6 लोगों की SIT बनाई गई। बता दे मासूम 4 जुलाई को लापता हुई थी। पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि मासूम सहेली के लिए गिफ्ट खरीदने के लिए निकली थी। जब बच्ची घर नहीं लौटी तो परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई। बाद में रविवार को उसकी लाश सूर्यपुर हाट इलाके के तालाब में मिली। उसके सिर पर चोट के निशान थे।
जिंदा ही तालाब में फेंका
पोस्टमॉर्टम में भी इस बात का खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने रेप के बाद उसे जिंदा ही तालाब में फेंक दिया था। उसके फेफड़ो और पेट में पानी मिला है। डूबने और ज्यादा खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई। इससे पहले रविवार को लड़की का शव मिलने के तुरंत बाद, भीड़ ने एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी, जिस पर लड़की के रेप और मर्डर में शामिल होने का शक किया गया है। इसकी पहचान इंद्रजीत तांती के रूप में हुई थी।
CCTV फुटेज में दिखे 4 लोग
पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज की जांच भी की गई, जिसमें लड़की को 4 लोग ले जाते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस इन चारों की पहचान पुख्ता करने में जुट गई है। पुलिस ने कहा कि शुरुआती पोस्टमॉर्टम में लड़की के प्राइवेट पार्ट्स पर चोट के निशान और शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर खरोंच और काटने के निशान मिले। लड़की के सिर पर या तो किसी भारी चीज से वार किया गया था या उसे किसी सख्त सतह पर पटका गया। जांच में यह भी पता चला कि सिर की चोट से बहुत ज्यादा खून बहने और डूबने के कारण बच्ची की मौत हुई।
ममता का आरोप
घटना पर राजनीतिक विवाद गरमा गया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने आरोप लगाया कि पूर्व CM ममता बनर्जी को पीड़ित परिवार से मिलने जाने से रोकने के लिए उनके आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया, जिसे BJP ने रूटीन सुरक्षा बताया है।