समाज कल्याण योजनाएं एवं अनुश्रवण समिति, उत्तराखण्ड सरकार के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) माननीय देशराज कर्णवाल जी ने आज झबरेड़ा क्षेत्र के ग्राम माधोपुर तथा हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बादशाहपुर में आयोजित जनसमस्या समाधान एवं जनसंवाद शिविरों में प्रतिभाग कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। यह कार्यक्रम माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी की प्रेरणा एवं अनुमोदन से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत माननीय उपाध्यक्ष ने प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक रविदास मंदिर, माधोपुर तथा दोपहर 2:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक पंचायत घर, बादशाहपुर में आयोजित शिविरों में उपस्थित होकर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने किसान सम्मान निधि, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना, जल निकासी हेतु नाले के निर्माण सहित विभिन्न जनहित से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया। माननीय उपाध्यक्ष जी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
माधोपुर शिविर में 40 से अधिक तथा बादशाहपुर शिविर में 18 से अधिक शिकायतें एवं समस्याएं प्राप्त हुईं। इनमें सर्वाधिक मामले पेंशन योजनाओं से संबंधित थे। कर्णवाल जी के निर्देश पर मौके पर उपस्थित अधिकारियों द्वारा 15 से अधिक पेंशनधारियों एवं पात्र लाभार्थियों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर कर्णवाल जी ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार गांव, गरीब, किसान एवं जरूरतमंद नागरिकों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों एवं जिला मुख्यालयों के चक्कर लगाने से राहत प्रदान करना है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ जनसमस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में सरकार जनहित एवं सुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।