अयोध्या में महिला से लूट की कोशिश, विरोध करने पर घायल

23 May, 2026
Head office
Share on :

सुनसान सड़क पर बाइक सवार बदमाशों का हमला, पुलिस जांच में जुटी
पटरंगा थाना क्षेत्र में देर शाम एक महिला से छिनैती की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

बताया जा रहा है कि बाइक सवार तीन बदमाशों ने सुनसान सड़क पर महिला की चैन छीनने का प्रयास किया, लेकिन महिला द्वारा विरोध किए जाने पर धक्का-मुक्की में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।


जानकारी के अनुसार गनौली निवासी मिथलेश पांडेय हाजीपुर बरसेंडी स्थित अपने मायके से वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान फूला होटल और सौभाग्य होटल के बीच सुनसान मार्ग पर बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रोककर चैन छीनने की कोशिश की।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का विरोध किया और एक आरोपी का हाथ पकड़ लिया। इसी दौरान बदमाशों ने धक्का देकर उन्हें सड़क पर गिरा दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आ गई।


घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को पहले नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें लोहिया अस्पताल लखनऊ रेफर किया गया है I