Punjab politics: मंगलवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य विधानसभा में बजट से जुड़े अहम ऐलानों का जिक्र करते हुए विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता देने की घोषणा से विपक्ष में जो निराशा दिखाई दे रही है, वह संकेत देती है कि उन्हें 2027 में आम आदमी पार्टी की फिर से सत्ता में वापसी का डर सता रहा है। विधानसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मान बोले कि जहां पारंपरिक राजनीतिक दलों ने चुनावी वादों को अक्सर नजरअंदाज कर जनता को हताश और निराश किया, वहीं आम आदमी पार्टी ने अपने मेनिफेस्टो को एक पवित्र दस्तावेज मानकर काम किया है। मुख्यमंत्री मान के दावों के अनुसार, ‘आप’ सरकार ने अपने चार साल के कार्यकाल में आम लोगों से किए गए कई वादों को पूरा किया है।
मेनिफेस्टो को ‘पवित्र दस्तावेज’ करार दिया
राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पहले चुनावी मेनिफेस्टो महज औपचारिकता बनकर रह जाते थे, तथा कई दल चुनाव से ठीक पहले घोषणापत्र जारी करते थे और बाद में उन्हें भुला दिया जाता था। बयानों को जारी रखते हुए उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने चुनावी राजनीति को एक नई सोच प्रदान की, जिसमें स्वास्थ्य और शिक्षा को प्राथमिकता दी गई। उनके मुताबिक, इसी पहल के कारण अन्य दलों को भी अपने घोषणापत्र में इन मुद्दों को शामिल करना पड़ा।
‘मुख्यमंत्री मांवा-धीयां सत्कार योजना’ से पंजाब की महिलाओं को मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री मान ने बजट में घोषित ‘मुख्यमंत्री मांवा-धीयां सत्कार योजना’ को महिलाओं के सम्मान से जुड़ा कदम करार दिया। उनके अनुसार, इस योजना के तहत सामान्य वर्ग की 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये, जबकि अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये की मासिक सहायता दी जाएगी।
मान ने कहा कि गरीब परिवारों के लिए यह राशि बेहद अहम है और इससे महिलाओं को आर्थिक संबल मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस योजना के लिए 13 अप्रैल, 2026 से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
स्वास्थ्य और पोषण योजनाओं पर भी दिया गया ज़ोर
मुख्यमंत्री मान सत्र में यह भी बोले कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 881 आम आदमी क्लीनिक शुरू किए गए हैं, जहां मरीजों की संख्या 5 करोड़ से अधिक हो चुकी है। इसके साथ ही ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के तहत हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसके अलावा, पोषण सुनिश्चित करने के लिए ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत लगभग 40 लाख परिवारों को राशन में चीनी, दाल, सरसों का तेल और नमक दिए जाने का प्रावधान है, और इस योजना के लिए सरकार 1000 करोड़ रूपए खर्च करेगी | मुख्यमंत्री मान ने कहा कि इन योजनाओं के जरिए पंजाब विकास और जनकल्याण के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।