मसूरी में शहीद स्थल पर पिछले 13 दिनों से चल रहा पटरी व्यापारियों का धरना आखिरकार समाप्त हो गया। धरना समाप्त होने की बड़ी वजह पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी का हस्तक्षेप और संवाद रहा।
पालिका अध्यक्ष स्वयं धरना स्थल पर पहुंचीं और पटरी व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। धरना समाप्त कराने में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के प्रयासों को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके सहयोग से प्रशासन और पटरी व्यापारियों के बीच बातचीत का रास्ता निकला।
पालिका अध्यक्ष ने साफ कहा कि माल रोड पर पटरी नहीं लगेगी, लेकिन नियमों के अनुसार पात्र पटरी व्यापारियों को स्थायी और सुरक्षित स्थान पर व्यवस्थित किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जहां भी व्यापारियों को बसाया जाएगा, वह जगह परमानेंट होगी और वहां किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी।
मीरा सकलानी ने कहा कि वेंडर जोन में पानी, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाएं दी जाएंगी और इन्हें छोटे बाजार के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि व्यापारियों की रोजी-रोटी बनी रहे। न्होंने कुछ राजनेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि कई लोगों ने केवल राजनीति की, लेकिन ठंड में धरने पर बैठे व्यापारियों के साथ कोई नेता खड़ा नहीं हुआ।
पटरी व्यापारियों के अध्यक्ष रामकिशन राय ने बताया कि पालिका अध्यक्ष के आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया है। अगली टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक में व्यापारियों की बात रखी जाएगी।