नीलकंठ की कावड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित संपन्न कराने के लिए लक्ष्मण झूला पुलिस और राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क क्षेत्र प्रशासन हरकत में आया है। संयुक्त रूप से नीलकंठ पैदल मार्ग का अधिकारियों ने निरीक्षण किया है। निरीक्षण में मुख्य रूप से पैदल मार्ग से गुजरने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा पर अधिकारियों का फोकस दिखाई दिया है।
पुलिस कप्तान लोकेश्वर सिंह ने बताया कि नीलकंठ की कावड़ यात्रा में हर साल 50 लाख से अधिक शिव भक्त और कांवड़ियां जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। उनकी सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। इसलिए राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क के अधिकारियों के साथ पैदल मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा थाना प्रभारी संतोष पैथवाल ने लिया है।
पैदल मार्ग पर जगह-जगह पुलिस की तैनाती के साथ वन कर्मी भी जानवरों के खतरे को देखते हुए तैनात रहेंगे। निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से भंडारे के स्थान पुलिस ने चिन्हित किए हैं। इसके अलावा पैदल मार्ग पर लगने वाली दुकानों के संचालकों को नशे के उत्पाद नहीं बेचने की हिदायत दी है।
टूटी सड़क और पेयजल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए संबंधित विभागों से पुलिस ने पत्राचार किया है। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह साइन बोर्ड पुलिस लगवाने जा रही है। मौके पर पुलिस और पार्क प्रशासन की टीम ने मिलकर पैदल मार्ग पर फैले कचरे को भी एकत्रित कर निस्तारित किया। इसी के साथ पुलिस ने लोगों को स्वच्छता का संदेश देने का काम भी किया है।
लक्ष्मणझूला
संजय शर्मा